Pradeep Rawat Funeral Update: दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में कैंसर से निधन हो गया। उन्हें 'गजनी' के विलेन, 'महाभारत' के अश्वत्थामा और 'लगान' में उनके किरदारों के लिए जाना जाता था।

भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने कैंसर से लंबी लड़ाई लड़ने के बाद अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने की है। प्रदीप रावत के जाने से बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक, प्रदीप रावत का निधन 4 अगस्त की शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बीच हुआ। उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले कैंसर को मात दे दी थी, लेकिन बाद में बीमारी दोबारा लौट आई। पिछले एक महीने से उनकी तबीयत लगातार खराब थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अचानक प्लेटलेट्स काफी कम हो जाने के बाद उनकी हालत बिगड़ती चली गई और डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

बुधवार को होगा अंतिम संस्कार

परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, अभिनेता का अंतिम दर्शन बुधवार दोपहर करीब 2 बजे से शाम 4 बजे तक जोगेश्वरी स्थित उनके आवास पर कराया जाएगा। इसके बाद शाम को ओशिवारा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

और पढ़ें -  कैसे हुआ 'गजनी' के विलेन प्रदीप रावत का निधन? मैनेजर ने किया असली वजह का खुलासा

'गजनी' के खतरनाक विलेन से मिली देशभर में पहचान

प्रदीप रावत को सबसे ज्यादा लोकप्रियता आमिर खान स्टारर फिल्म 'गजनी' में निभाए गए खलनायक गजनी धर्मात्मा के किरदार से मिली थी। इससे पहले उन्होंने तमिल फिल्म 'गजनी' में भी यही भूमिका निभाई थी, जिसे बाद में हिंदी रीमेक में दोहराया गया। उनका यह किरदार भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार विलेन में गिना जाता है।

'महाभारत' के अश्वत्थामा और 'लगान' के सिख सिपाही ने छोड़ी अमिट छाप

प्रदीप रावत का पहला बड़ा ब्रेक बी.आर. चोपड़ा के चर्चित टीवी धारावाहिक 'महाभारत' से मिला, जिसमें उन्होंने अश्वत्थामा की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'लगान' में उन्होंने एक वफादार सिख सिपाही का किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता का अलग ही परिचय दिया। उन्होंने न सिर्फ नकारात्मक बल्कि कई दमदार सहायक भूमिकाओं में भी दर्शकों का दिल जीता।

और पढ़ें - 'बीफ खाने' वाले बयान पर पहले दें सफाई... कौन हैं निकिता रावल, जिन्होंने रणबीर के श्रीराम रोल पर उठाए सवाल?

हिंदी और साउथ सिनेमा दोनों में बनाया बड़ा मुकाम

प्रदीप रावत ने हिंदी फिल्मों के साथ-साथ तमिल, तेलुगु और अन्य दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और प्रभावशाली अभिनय के दम पर उन्होंने दोनों फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई।

सेलेब्स और फैंस ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

अभिनेता के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्मी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया। उनके सह-कलाकार यशपाल शर्मा ने भी दुख जताते हुए उन्हें याद किया। कई प्रशंसकों ने लिखा कि भारतीय सिनेमा ने एक बेहतरीन कलाकार खो दिया है। प्रदीप रावत का निधन भारतीय फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। अपने दमदार अभिनय और यादगार किरदारों के जरिए वह हमेशा दर्शकों की यादों में जिंदा रहेंगे।