‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में अमिताभ बच्चन ने अपनी पढ़ाई के दिनों का ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे जानकर फैंस हैरान रह गए। उन्होंने करियर से जुड़ा बड़ा राज भी खोला।

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का मंच एक बार फिर अमिताभ बच्चन की जिंदगी के उस दौर तक पहुंच गया, जब वह फिल्मों की दुनिया से कोसों दूर थे। कंटेस्टेंट प्रगति कालपेकर से बातचीत के दौरान अमिताभ ने अपनी पढ़ाई, परिवार में शिक्षा की अहमियत और उस करियर के बारे में बात की, जिसे कभी उन्होंने चुनने का विचार किया था। बातचीत में अभिनेता का अंदाज बेहद बेबाक और मजेदार नजर आया। उन्होंने बताया कि एक वक्त उनके मन में सिविल सर्विस में जाने का ख्याल आया था, लेकिन इस क्षेत्र के बारे में उनकी जानकारी बेहद सीमित थी। इसके बाद उन्होंने अपने छात्र जीवन का एक ऐसा राज भी साझा किया, जिसे वह मजाकिया अंदाज में किसी को न बताने की बात कह गए।

अमिताभ बच्चन कभी IFS अधिकारी क्यों बनना चाहते थे?

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में प्रगति कालपेकर ने बताया कि वह अपनी पुरस्कार राशि का इस्तेमाल पढ़ाई जारी रखने और आईएफएस अधिकारी बनने की तैयारी के लिए करना चाहती हैं। इसी बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने अपने पुराने दिनों को याद किया। अमिताभ ने कहा, “ऐसे बहुत सारे कंटेस्टेंट आते हैं जो बोलते हैं, उन्हें यूपीएससी का एग्जाम देना है। फॉरेन सर्विस एक बहुत ही खूबसूरत जगह होती है।”

इसके बाद उन्होंने बताया कि एक समय उनके मन में भी भारतीय विदेश सेवा में जाने का विचार आया था, लेकिन इस क्षेत्र के बारे में उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं थी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “एक जमाने में हमारे दिल में भी ये बात जगी थी कि हम आईएफएस करें, लेकिन हमें आईएफएस का 'आई' भी नहीं आता था इसलिए हमने हार मान ली और और वो छोड़ दिया।”

पढ़ाई में कैसे थे अमिताभ बच्चन? खुद सुनाया पुराना किस्सा

अमिताभ ने बातचीत के दौरान अपनी पढ़ाई के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता हरिवंश राय बच्चन के लिए परिवार में ग्रेजुएशन को काफी अहम माना जाता था। अमिताभ ने साइंस सब्जेक्ट चुना, लेकिन जल्द ही उन्हें महसूस हुआ कि यह विषय उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा मुश्किल था। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, “हमने साइंस लिया था और वहां पहला जो लेक्चर था, उसमें जो स्कूल में, 10 साल में पढ़ा था वो पूरा कवर हो गया और लगा गलती कर दी सब्जेक्ट लेकर।” इस किस्से से अमिताभ ने यह भी बताया कि पढ़ाई के मामले में उनका सफर हमेशा आसान नहीं रहा।

अमिताभ बच्चन का परीक्षा में फेल होने का कबूलनामा

अमिताभ बच्चन ने अपने छात्र जीवन का एक ऐसा किस्सा भी साझा किया, जो शायद उनके फैंस को सबसे ज्यादा चौंका सकता है। उन्होंने बताया कि वह एक परीक्षा में फेल हो गए थे, लेकिन बाद में कुछ अंकों के अंतर से परीक्षा पास कर ली। उन्होंने कहा, “एग्जाम में फेल हो गए फिर वो जो होता है एटीकेटी में 2 पॉइंट्स से पास हो गए, बताना मत किसी को।”

IFS का सपना छोड़कर फिल्मों में कैसे पहुंचे अमिताभ?

विदेश सेवा में जाने का विचार छोड़ने के बाद अमिताभ बच्चन ने आखिरकार फिल्म इंडस्ट्री का रुख किया। आगे चलकर उन्होंने भारतीय सिनेमा में ऐसी पहचान बनाई, जिसने उन्हें देश के सबसे प्रतिष्ठित अभिनेताओं में शामिल कर दिया। आज अमिताभ बच्चन की पहचान सिर्फ अभिनेता के तौर पर नहीं, बल्कि ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के लंबे समय से लोकप्रिय होस्ट के रूप में भी है। शो के दौरान कंटेस्टेंट्स से बातचीत करते हुए वह अक्सर अपनी निजी जिंदगी और करियर के पुराने किस्से साझा करते हैं।