Annu Kapoor explains controversial remark: अन्नू कपूर ने तमन्ना भाटिया को 'दूधिया बदन' कहा, जिससे वह ट्रोल हो गए। अब उन्होंने इस कमेंट पर सफाई दी है। जानें एक्टर ने क्या कहा?
अन्नू कपूर एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने अभिनेत्री तमन्ना भाटिया के सुपरहिट गाने 'आज की रात' (Stree 2) पर चर्चा करते हुए उनके लिए 'मिल्की बॉडी' शब्द का इस्तेमाल किया था। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उन्हें ट्रोल किया और उन पर अभिनेत्री का वस्तुकरण (Objectification) करने का आरोप लगाया। अब इस पूरे विवाद पर अन्नू कपूर ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी महिला का अपमान करना नहीं था और अगर यही बात अंग्रेजी में कही जाती तो शायद इतना विवाद नहीं होता।
क्या था पूरा मामला?
अन्नू कपूर ने एक बातचीत के दौरान तमन्ना भाटिया के डांस नंबर 'आज की रात' का जिक्र करते हुए उनके लिए 'दूधिया बदन' यानि मिल्की बॉडी शब्द का इस्तेमाल किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कई यूजर्स ने उनकी भाषा पर सवाल उठाए। कई लोगों ने इसे महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे सिर्फ हिंदी भाषा का एक सामान्य विशेषण माना।
और पढ़ें - 'किसको सीता बना दिया?' 4000 करोड़ की 'रामायण' में साई पल्लवी की कास्टिंग पर भड़के दिग्गज एक्टर
अन्नू कपूर ने दी सफाई
एक इंटरव्यू में अन्नू कपूर ने कहा कि लोगों की सोच अंग्रेजी और हिंदी शब्दों को लेकर अलग-अलग हो गई है। उन्होंने कहा, 'अगर मैं 'Milky Body' कहता तो शायद किसी को दिक्कत नहीं होती, लेकिन मैंने हिंदी में 'दूधिया बदन' कहा, इसलिए लोगों को बुरा लग गया।' उनका कहना था कि भारतीय समाज आज भी मानसिक रूप से अंग्रेजी को अधिक स्वीकार करता है, जबकि हिंदी के शब्दों पर जल्दी आपत्ति जताई जाती है।
अन्नू कपूर ने साफ कहा कि वह कभी भी किसी महिला या पुरुष का अपमान नहीं कर सकते। उन्होंने कहा, 'मैं इस दुनिया का आखिरी व्यक्ति हूं जो किसी महिला का अनादर करेगा। अगर मेरी बात से तमन्ना भाटिया को ठेस पहुंची है तो मैं उनसे माफी मांगता हूं।' उन्होंने आगे कहा कि अगर उनकी टिप्पणी से अभिनेत्री को बुरा लगा हो तो वह इसके लिए मांफी मांगता हूं।
तमन्ना भाटिया से मांगी माफी
अन्नू कपूर ने कहा कि उन्होंने तमन्ना के लिए केवल एक प्रशंसात्मक शब्द का इस्तेमाल किया था, लेकिन यदि उसे गलत तरीके से लिया गया है तो वह माफी मांगने में बिल्कुल संकोच नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, ‘अगर आपको मेरी बात से बुरा लगा हो तो मैं क्षमा चाहता हूं। बात आई-गई हो जानी चाहिए।’ साथ ही उन्होंने तमन्ना के लिए "सौभाग्यवती भव" जैसी शुभकामना भी दी।
और पढ़ें - SRK की ऑनस्क्रीन बेटी इस बीमारी का रहीं शिकार, कई साल तक नहीं कर पाईं यकीन
सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे अन्नू कपूर
अन्नू कपूर के बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई। एक वर्ग का मानना है कि सार्वजनिक मंच पर किसी अभिनेत्री के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि 'दूधिया बदन' हिंदी साहित्य और फिल्मों में लंबे समय से सुंदरता का वर्णन करने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक पारंपरिक मुहावरा रहा है और इसे संदर्भ से अलग करके नहीं देखा जाना चाहिए। फिलहाल इस पूरे विवाद पर तमन्ना भाटिया की ओर से कोई रिएक्शन नहीं आया है।
