‘रामायण’ के गानों ‘रावण तांडव’ और ‘मंगल रंग’ पर मिला-जुला रिएक्शन के बीच एआर रहमान ने कहा कि वह सोशल मीडिया फीडबैक पर ध्यान देने के बजाय अपने काम पर फोकस करते हैं।
रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ के गानों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। ‘रावण तांडव’ और नए गाने ‘मंगल रंग’ के म्यूजिक पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं। अब ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने इस आलोचना पर अपना रिएक्शन दिया। उन्होंने बताया कि गानों को तैयार करने में इतनी मेहनत और बार-बार बदलाव किए जाते हैं कि रिलीज के बाद लोगों का रिएक्शन देखने की एनर्जी नहीं बचती है।
एआर रहमान ने कहा कि उनका बेटा उन्हें सोशल मीडिया पर लोगों के रिएक्शन के बारे में बता है। रहमान के मुताबिक कुछ लोग पहले गानों की आलोचना करते हैं और बाद में माफी मांगने लगते हैं। ऐसे में वो इस पर ध्यान नहीं देते हैं, अपने काम पर फोकस करते हैं।
‘रावण तांडव’ के बाद ‘मंगल रंग’ पर भी छिड़ी बहस
फिल्म ‘रामायण’ के अब तक रिलीज हुए गानों में ‘रावण तांडव’ को लेकर पहले आलोचना हुई थी। बाद में कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने अपने रिएक्शन को बदला और माफी मांगी। अब फिल्म के नए गाने ‘मंगल रंग’ को लेकर चर्चा हो रही है। ‘मंगल रंग’ में कव्वाली जैसी संगीत शैली सुनाई देने पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि इस तरह का संगीत राम और सीता के विवाह से जुड़े प्रसंग के लिए उपयुक्त नहीं है।
‘रामायण’ के लिए संगीत बनाना बड़ी जिम्मेदारी
एआर रहमान ने कहा कि वह अपने पुराने हिट गानों की शैली को बार-बार दोहराना नहीं चाहते। उनके मुताबिक, एक कलाकार को लगातार कुछ नया करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा,
“मैं रॉकस्टार या स्लमडॉग मिलियनेयर की पुरानी सफलता के सहारे नहीं रह सकता। आप एक जगह ठहर नहीं सकते। आपको बहती नदी की तरह होना चाहिए।”
रहमान ने बताया कि ‘रामायण’ के गाने पांच अलग-अलग भाषाओं में तैयार किए जा रहे हैं। उनके लिए यह ऐसी महाकाव्य कहानी का हिस्सा बनने का सम्मान है, जिसे लगभग हर भारतीय जानता है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को बड़ा सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी बताया।
पहली बार हंस जिमर के साथ काम कर रहे हैं रहमान
‘रामायण’ के संगीत की एक और खास बात एआर रहमान और हॉलीवुड के मशहूर संगीतकार हंस जिमर का साथ आना है। जिमर ‘इंटरस्टेलर’, ‘इंसेप्शन’ और ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ जैसी फिल्मों के संगीत के लिए जाने जाते हैं। रहमान ने बताया कि वह आमतौर पर अकेले काम करना पसंद करते हैं, लेकिन इस फिल्म में जिमर का साथ मिलना उन्हें खास लगा। उनका मानना है कि जिमर का नाम अंतरराष्ट्रीय दर्शकों में भी फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा सकता है।
और पढ़ें: रिकॉर्ड रेटिंग के बीच ‘Doctor X’ के एपिसोड 6 पर क्यों मचा विवाद? बंद करने की हो रही है मांग
कब रिलीज होगी ‘रामायण’?
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल और विवेक ओबेरॉय भी फिल्म का हिस्सा हैं।
और पढ़ें: 'रामायण' तोड़ेगी 'धुरंधर 2' का रिकॉर्ड? देश की 10 सबसे बड़ी ओपनर्स में किस नं. पर बनाएगी जगह





