स्वतंत्रता दिवस वीकेंड में ‘आवारापन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर हुए क्लैश में ‘बंटवारा 1947’ पर बड़ी बढ़त बना ली है। इमरान हाशमी की फिल्म पहले दिन कई गुना आगे रही।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में उतरी ‘आवारापन 2’ और ‘बंटवारा 1947’ के बॉक्स ऑफिस क्लैश का पहला रुझान सामने आ गया है। 14 अगस्त को रिलीज हुई दोनों फिल्मों के बीच कमाई में पहले दिन बड़ा अंतर देखने को मिला। इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार शाम को इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने भारत में सनी देओल की 'बंटवारा 1947' के मुकाबले लगभग 4 गुना कमाई की। 'बंटवारा 1947' तो उस आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सकी, जिसकी उम्मीद जताई जा रही थी।
पहले दिन ‘आवारापन 2’ ने कितनी कमाई की?
शुक्रवार को ‘आवारापन 2’ ने भारत में लगभग 21 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। यह 'बंटवारा 1947' के मुकाबले लगभग 3.65 गुना है। वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 25.20 करोड़ रुपए हुआ। ओवरसीज मार्केट में इस फिल्म ने पहले दिन लगभग 2 करोड़ रुपए कमाए, जिसके चलते फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 27.20 करोड़ रुपए पहुंच गया है। नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी यह फिल्म पहले दिन भारत में 9,026 शोज में दिखाई गई।
'बंटवारा 1947' का पहले दिन का कलेक्शन कितना हुआ?
राजकुमार संतोषी के डायरेक्शन में बनी 'बंटवारा 1947' ने पहले दिन लगभग 5.75 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन किया। वहीं इसका ग्रॉस कलेक्शन 6.84 करोड़ रुपए रहा। विदेशों में सनी देओल स्टारर इस फिल्म ने लगभग 1.50 करोड़ रुपए कमाए। कुल मिलाकर वर्ल्डवाइड ओक्स ऑफिस पर फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 8.34 करोड़ रुपए हो गया है। फिल्म का प्रदर्शन पहले दिन 8,721 शोज में हुआ।
किस फिल्म की ऑक्यूपेंसी थिएटर में कैसी रही?
'आवारापन 2' की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी लगभग 35.88 प्रतिशत रही, जबकि 'बंटवारा 1947' की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी 11.99 फीसदी रही। सुबह से लेकर रात तक कितनी रही किस फिल्म की ऑक्यूपेंसी :-
‘आवारापन 2’ 2007 की फिल्म की सीक्वल
‘आवारापन 2’ की सबसे बड़ी ताकत करीब दो दशक पुरानी पहली फिल्म की लोकप्रियता है। 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ उस समय बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलता नहीं बन पाई थी, लेकिन बाद में इसे मजबूत फैन फॉलोइंग मिली। शिवम के किरदार में इमरान हाशमी की वापसी, भावनात्मक कहानी और फिल्म का संगीत दर्शकों के बीच आज भी लोकप्रिय है। यही नॉस्टेल्जिया सीक्वल की ओपनिंग को फायदा पहुंचाता नजर आ रहा है। फिल्म में दिशा पाटनी, शबाना आजमी और सुविंदर विक्की भी अहम भूमिकाओं में हैं।
‘बंटवारा 1947’ में बंटवारे के दर्ज
राजकुमार संतोषी के निर्देशन और आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी ‘बंटवारा 1947’ की शुरुआत फिलहाल धीमी रही है। फिल्म में सनी देओल, प्रिटी जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल नजर आते हैं। कहानी 1947 के विभाजन की पृष्ठभूमि में सिकंदर मिर्जा और उसके परिवार के लाहौर पहुंचने के बाद की परिस्थितियों पर केंद्रित है। फिल्म असगर वजाहत के नाटक जिस लाहौर नइ वेख्या, ओ जम्या ई नइ पर आधारित है और विस्थापन, दर्द तथा सांप्रदायिक तनाव को सामने रखती है।
