अक्षय कुमार 58 साल के हो गए हैं। दिल्ली में 9 सितंबर 1967 को जन्में अक्षय बॉलीवुड की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। वे लगातार फिल्मों में एक्टिव है और आने वाले समय में भी उनकी कई फिल्में रिलीज होगी। आपको बताते हैं उनके असली नाम के बारे में।

अक्षय कुमार का असली नाम राजीव हरि ओम भाटिया है। पढ़ाई पूरी करने के बाद वे बैंकॉक गए और वहां उन्होंने मार्शल आर्ट और थाई बॉक्सिंग सीखी। वे 5 साल थाईलैंड में रहे। फिर उन्होंने इंडिया आकर बच्चों को मार्शल आर्ट सिखाया। वे बचपन से ही एक्टर बनना चाहते थे। काफी मेहनत मशक्कत के बाद उन्हें महेश भट्ट की फिल्म आज में 10 सेकंड का रोल मिला था। इसी फिल्म के बाद उन्होंने अपने नाम राजीव भाटिया से बदलकर अक्षय कुमार रखा था।

क्यों बदला था अक्षय कुमार ने अपना नाम?

अक्षय कुमार बॉलीवुड में डेब्यू करने से पहले बैंकॉक में रहे और इस दौरान शेफ और वेटर का काम किया। 1987 में रिलीज हुई फिल्म आज में अक्षय कराटे इंस्ट्रक्टर की भूमिका में नजर आए थे। इसमें कुमार गौरव, राज बब्बर और स्मिता पाटिल लीड रोल में थे। फिल्म में कुमार गौरव के कैरेक्टर का नाम अक्षय था। उन्हें ये नाम इतना ज्यादा पसंद आया था कि इसी से इंस्पायर्ड होकर उन्होंने अपना अक्षय कुमार रख लिया था। नाम बदलने के सवाल पर एक बार अक्षय ने इंटरव्यू में बताया था- 'ऐसा नहीं था कि किसी पंडित ने मुझे अपना नाम बदलने की सलाह दी थी। मेरे पिता ने भी मुझसे पूछा था तुम ऐसा क्यों कर रहे हैं, राजीव भी अच्छा नाम है, लेकिन मैंने उनसे कहा था कि मेरी पहली फिल्म में हीरो का नाम यही था। इसलिए मैं यही नाम रखना चाहता हूं और ये मुझे पसंद है'। नाम बदलते ही उन्हें फिल्म में लीड रोल ऑफर हो गया था और उनका सपना पूरा हो गया था।

ये भी पढ़ें... अक्षय कुमार की 8 अपकमिंग फिल्में, सिर्फ एक होगी इस साल रिलीज, बाकी आएंगी 2026-27 में

क्या है अक्षय कुमार की डेब्यू फिल्म का नाम?

अक्षय कुमार ने 1991 में आई फिल्म सौगंध से अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, ये फिल्म फ्लॉप रही थी। एक साल बाद उन्हें एक्शन थ्रिलर फिल्म खिलाड़ी ऑफर हुई, जो बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। इस फिल्म ने उन्हें स्टार बना दिया और इंडस्ट्री में उन्हें खिलाड़ी के नाम से भी पहचाना जाने लगा। इसके बाद उन्हें लगातार फिल्में ऑफर होने लगी। उन्होंने फिर मोहरा (1994) और ये दिल्लगी (1994) जैसी हिट फिल्मों में काम किया। इसके बाद वे धड़कन (2000), अंदाज (2003), नमस्ते लंदन (2007), हेराफेरी (2000), मुझसे शादी करोगी (2004), फिर हेराफेरी (2006), भूल भुलैया (2007) और सिंह इज किंग (2008) सहित कई फिल्मों में नजर आए। फिल्म अजनबी (2001) में उन्होंने विलेन का रोल प्ले कर सभी को चौंका दिया था।

ये भी पढ़ें... डायरेक्टर रोया, बे-मन से कास्ट की हीरोइन पर बॉक्स ऑफिस पर लगी ऐसी लॉटरी बनी सबसे कमाऊ मूवी

150 फिल्मों में काम कर चुके हैं अक्षय कुमार

अक्षय कुमार ने अपने अभी तक के करियर में तकरीबन 150 फिल्मों में काम किया है। उन्होंने 2 नेशनल और 2 फिल्मफेयर सहित कई अवॉर्ड्स जीते हैं। उन्हें 2009 में भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया। बात उनके वर्कफ्रंट की करें तो 2025 में उनकी 4 फिल्में स्काई फोर्स, केसरी चैप्टर 2, हाउसफुल 5 और कन्नप्पा रिलीज हो चुकी हैं। 19 सितंबर को उनकी फिल्म जॉली एलएलबी 3 रिलीज हो रही है।