Dharmendra Health Update: 89 वर्षीय धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी दी गई और अब उनका ट्रीटमेंट घर पर चल रहा है। घर में ICU जैसी व्यवस्था की गई है, परिवार निरंतर देखभाल कर रहा है। फैंस से अफवाहें न फैलाने और दुआ करने की गुजारिश की गई है।
बॉलीवुड के दिग्गज सुपरस्टार धर्मेंद्र का इलाज अब उनके घर पर ही चल रहा है। 12 नवम्बर की सुबह उनके परिवार वालों ने उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कराया और उनका आगे का ट्रीटमेंट घर में कराने का फैसला लिया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि 89 साल के धर्मेंद्र को जब डिस्चार्ज कराया गया तो उनका हाल कैसा था? इस बात का खुलासा हॉस्पिटल के डॉक्टर्स अलग-अलग बातचीत में कर चुके हैं। उनके बयान अब मीडिया में वायरल हो रहे हैं। जानिए धर्मेंद्र को लेकर किस डॉक्टर ने क्या कहा?
धर्मेंद्र संतुष्टि के साथ अस्पताल से घर गए
ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल के डॉक्टर राजीव शर्मा ने न्यूज एजेंसी IANS से बातचीत में धरम पाजी की सेहत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 'शोले' स्टार जरूरी ट्रीटमेंट के बाद पूरी तरह संतुष्ट होकर अपने घर गए हैं। बकौल शर्मा, "धर्मेंद्र जी अस्पताल से पूरी संतुष्टि के साथ अस्पताल से गए हैं। उनका परिवार उन्हें घर ले गया। उनके लिए हर संभव व्यवस्था की गई है।" डॉक्टर ने धर्मेंद्र के फैन्स से अफवाहें ना फैलाने और उनकी रिकवरी के लिए दुआ करने की गुजारिश भी की थी, ताकि वे पूरे जोश के साथ अपना 90वां जन्मदिन मना सकें, जो 8 दिसंबर को है।
यह भी पढ़ें : Dharmendra के बारे में सुन रो-रोकर बेहाल हुई बॉलीवुड स्टार की बीवी, बोली- वो मेरी जान हैं
इससे पहले अस्पताल के ही डॉक्टर प्रतीत समदानी ने भी धर्मेन्द्र की हेल्थ अपडेट दी थी और कहा था कि 12 नवम्बर की सुबह लगभग 7:30 बजे सुपरस्टार को डिस्चार्ज कराया गया। उन्होंने धर्मेंद्र की हेल्थ अपडेट देते हुए कहा था, "उनकी हालत स्थिर है। मैं लोगों से गुजारिश करता हूं कि अफवाहें ना फैलाते हुए उनकी रिकवरी के लिए प्रार्थना करें, ताकि वे अपना अगला जन्मदिन गर्व के साथ मना सकें।"
हेमा मालिनी ने दी धर्मेंद्र की हेल्थ अपडेट
हेमा मालनी ने बीते रोज़ धर्मेंद्र की सेहत के बारे में बताया। उन्होंने सुभाष के. झा से बातचीत में कहा, "मेरे लिए यह आसान समय नहीं है। धर्मेंद्र की सेहत हमारे लिए बड़ी चिंता बनी हुई है। उनके बच्चे सो नहीं पा रहे हैं। मैं कमज़ोर नहीं पड़ सकती। कई जिम्मेदारियां हैं। लेकिन हां, मैं खुश हूं कि वे घर लौट आए हैं। हमें राहत है कि वे अस्पताल से बाहर आ गए हैं। उन्हें अपने प्रियजनों के बीच रहने की जरूरत है। बाकी सब ऊपर वाले के हाथ में है।"
यह भी पढ़ें : Dharmendra की हालत देख बदहवास हुईं पहली पत्नी प्रकाश कौर, बिलखते हुए कही यह बात
धर्मेंद्र के घर में ICU जैसी व्यवस्था!
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि धर्मेंद्र के घर में ICU ऐसी व्यवस्था की गई है। उनके ट्रीटमेंट के लिए हर जरूरी उपकरण वहां उपलब्ध कराया गया है। कथिततौर पर 4 नर्स और एक डॉक्टर सतत रूप से उनकी निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, इसके लिए बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जब धर्मेंद्र डिस्चार्ज हुए थे तो उनके परिवार ने स्टेटमेंट जारी कर लोगों और मीडिया से किसी भी तरह के कयास ना लगाने की गुजारिश की थी। उन्होंने धर्मेंद्र की हालत स्थिर बताते हुए लोगों से उनकी रिकवरी के लिए प्रार्थना करने की गुजारिश की थी।
