शाहरुख़ खान ने शनिवार को एक बातचीत के दौरान खुलासा किया कि उनकी फिल्म 'पठान' देखने के बाद उनके बेटे अबराम ने कैसे रिएक्ट किया। फिल्म तीन दिन में वर्ल्डवाइड 300 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है।
एंटरटेनमेंट डेस्क. शाहरुख़ खान (Shah Rukh Khan) की फिल्म 'पठान' (Pathaan) की बॉक्स ऑफिस (Box Office) पर तूफानी रफ़्तार से चल रही है। फिल्म को क्रिटिक्स का जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला तो वहीं दर्शकों ने भी दिल खोलकर इसका स्वागत किया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एसआरके की कमबैक फिल्म देखने के बाद उनके बेटे अबराम का कैसा रिएक्शन रहा? खुद किंग खान ने शनिवार को इस बात का खुलासा तब किया, जब वे ट्विटर पर आए और अपने फैन्स के साथ मुखातिब हुए।
ऐसा था अबराम का रिएक्शन
दरअसल, शाहरुख़ खान ने शनिवार को ट्विटर पर अपने फैन्स के लिए #AskSRK सेशन होस्ट किया। इस दौरान उनके फैन्स ने सवाल किए और शाहरुख़ ने उनके जवाब दिए। एक फैन ने उनसे सवाल किया, "पठान देखने के बाद अबराम का रिएक्शन कैसा था?" जवाब में शाहरुख़ ने लिखा, "मैं नहीं जानता कि कैसा था, लेकिन उसने कहा पापा यह सब कर्मों का फल है। इसलिए मैं इसमें यकीन रखता हूं।"


इसी तरह जब एक फैन ने शाहरुख़ से पूछा कि पठान पर पब्लिक का रिस्पॉन्स कैसा लग रहा है? तो उन्होंने जवाब दिया, "नाची-गाओ, हंसो, क्या पता कल हो ना हो। लेकिन सब करो थोड़ा प्यार से। जब आप पठान को सेलिब्रेट करें तो प्लीज सभी का ध्यान रखें।" एक ट्विटर यूजर ने शाहरुख़ खान से सवाल किया, "पिछले तीन दिन से आप कितने खुश हैं?" तो शाहरुख़ ने जवाब दिया, "उतना ही खुश हूं, जितना एक पिता अपने बच्चे की सराहना देखकर होता है।"

बातचीत के दौरान एक इंटरनेट यूजर ने शाहरुख़ से पूछा, "सर आप बाहर कब आओगे।" तो जवाब मिला, "भाई अभी तो सालों बाद थिएटर में घुसा हूं। थोड़ी देर अंदर ही रहूंगा।"इसी तरह एक यूजर ने सवाल किया, "पठान के रिकॉर्ड्स देखने के बाद आपको कैसा लग रहा है?" जवाब में शाहरुख़ ने लिखा, "हाहाहा..लगता है अब गांव वापस चला जाऊं।"


दुनियाभर में 313 करोड़ रुपए कमाए
25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'पठान' ने पहले दिन लगभग 55 करोड़ रुपए कमाकर हिंदी बेल्ट में सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली इंडियन फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम किया तो वहीं तीन दिन में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 161 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन कर लिया है। इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 313 करोड़ रुपए हो गया है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख़ खान के अलावा दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। फिल्म से शाहरुख़ ने लगभग 4 साल बाद बड़े पर्दे पर बतौर लीड हीरो वापसी की है।
और पढ़ें…
के. एल. राहुल संग शादी की रस्मों में शर्माती नजर आईं सुनील शेट्टी की लाडली अथिया, देखिए 5 PHOTOS
विजय देवरकोंडा के साथ रिश्ते पर रश्मिका मंदाना ने तोड़ी चुप्पी, जानिए आखिर क्या कुछ बताया?
'पठान' से पहले इन 27 फिल्मों में सलमान खान ने दिया स्पेशल अपीयरेंस, इनमें से 17 हुईं बुरी तरह फ्लॉप




