Sanjay Gupta Unfinished Films: संजय गुप्ता के निधन के बाद उनकी चार अधूरी फिल्मों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। KRK के मुताबिक, वह टाइगर श्रॉफ के साथ भी फिल्म बनाना चाहते थे।
फिल्ममेकर संजय गुप्ता के अचानक निधन ने बॉलीवुड को झकझोर दिया है। उनके जाने के बाद अब उनके उन फिल्मी सपनों की चर्चा हो रही है, जो अधूरे रह गए। एक्टर और फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान यानी KRK ने दावा किया है कि संजय गुप्ता चार फिल्मों पर काम करने का प्लान बना रहे थे। इनमें उनकी चर्चित फिल्मों के सीक्वल भी शामिल थे। इतना ही नहीं, निधन से पहले वह टाइगर श्रॉफ को लेकर भी एक फिल्म बनाने की इच्छा जता चुके थे। संजय दत्त ने भी उनके एक अधूरे सपने को पूरा करने का वादा किया है।
संजय गुप्ता कौन-सी 4 फिल्में बनाने की तैयारी में थे?
संजय गुप्ता के निधन के बाद KRK ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर बताया कि फिल्ममेकर चार फिल्मों का प्लान बना रहे थे। इनमें 'कांटे 2', 'शूटआउट एट लोखंडवाला 2', 'शूटआउट एट दुबई' और 'काबिल 2' शामिल थीं। हालांकि, इन फिल्मों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई थी। KRK के इस दावे के सामने आने के बाद दर्शकों के बीच संजय गुप्ता की अधूरी फिल्मों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
यह भी पढ़ें : Sanjay Gupta Death: रात 2 बजे घर में क्या हुआ? CCTV फुटेज में दिखी संजय गुप्ता की मौत की असली कहानी
टाइगर श्रॉफ को डायरेक्ट करना चाहते थे संजय गुप्ता?
KRK ने अपने पोस्ट में एक और चौंकाने वाली बात बताई। उनके मुताबिक, संजय गुप्ता ने उनसे कहा था कि वह टाइगर श्रॉफ को लेकर एक फिल्म डायरेक्ट करना चाहते हैं। KRK ने लिखा, “कल ही उन्होंने मुझसे कहा था कि वह एक फिल्म में टाइगर श्रॉफ को डायरेक्ट करना चाहते हैं। और आज वह हमारे बीच नहीं हैं। जिंदगी बस इतनी ही है। आप हिट हों या फ्लॉप, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जब तक आप जिंदा हैं, आप सब कुछ हैं। जिस पल आप चले जाते हैं, दुनिया खत्म हो जाती है।”
संजय दत्त ने 'कांटे 2' को लेकर क्या वादा किया?
संजय गुप्ता के निधन से एक्टर संजय दत्त भी बेहद दुखी हैं। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था। संजय दत्त ने X पर अपने दोस्त को याद करते हुए 'कांटे 2' का जिक्र किया और इसे पूरा करने का वादा किया। उन्होंने लिखा, “हम हाल ही में 'कांटे 2' को लेकर चर्चा कर रहे थे। भाई, तुम्हारी याद में मैं 'कांटे 2' बनाऊंगा। तुम्हारे इस सपने को सच करने के लिए मैं सब कुछ करूंगा। तुमसे हमेशा और हमेशा प्यार रहेगा।”
यह भी पढ़ें : क्या करती हैं डायरेक्टर संजय गुप्ता की पत्नी अनुराधा, जो तलाक के बाद फिर उनके पास लौटीं?
कैसी रही संजय गुप्ता की फिल्मी जर्नी?
संजय गुप्ता ने साल 1994 में फिल्म आतिश से बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, उन्हें बड़ी पहचान फिल्म कांटे से मिली। इस मल्टीस्टारर फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त, सुनील शेट्टी, लकी अली, महेश मांजरेकर, कुमार गौरव, नम्रता सिंह गुजराल, रति अग्निहोत्री, रोहित रॉय, ईशा कोप्पिकर और मलाइका अरोड़ा नजर आए थे। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म 'द मिरांडा ब्रदर्स थी', जो ओटीटी पर रिलीज हुई थी।
संजय गुप्ता की मौत कैसे हुई?
रिपोर्ट के मुताबिक, संजय गुप्ता की मुंबई स्थित घर के बाथरूम में गिरने से मौत हुई। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात वह बाथरूम में गिर गए थे और उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। उस वक्त परिवार के सदस्य सो रहे थे। शनिवार सुबह परिजनों को उनके बारे में पता चला। गंभीर चोट के कारण उनकी जान चली गई। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।




