'भारत रत्न' से सम्मानित स्वर-कोकिला लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) पंचतत्व में विलीन हो गई हैं। पूरे देश ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। लता मंगेशकर का 6 फरवरी की सुबह 8 बजे के करीब निधन हो गया। 92 साल की उम्र में उन्होंने मुंबई के एक अस्पताल में अंतिम सांस लीं। लता मंगेशकर के अंतिम संस्कार में पीएम नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। उन्होंने लता जी के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन करके श्रद्धांजलि दी।लता मंगेशकर के निधन पर दो दिन तक राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
नम आंखों से लता दीदी को दी गई विदाई
लता मंगेशकर के अंतिम संस्कार में सियासत जगत से लेकर सिनेमा जगत तक कई जानेमाने लोग शामिल हुए। सुपरस्टार शाहरुख खान ने लता मंगेशकर के लिए दुआ पढ़ी और फिर पैर छूकर श्रद्धांजलि दी। आमिर खान, अनुमप खेर, रणबीर सिंह, जावेद अख्तर समेत कई हस्तियों ने उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। लता जी का शरीर भले ही अब हमारे बीच नहीं है, लेकिन वो अपने गानों के जरिए हमेशा हमारे बीच जिंदा रहेंगी।