गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा नेटफ्लिक्स के शो ‘लॉकअप सीजन 2’ में बतौर कंटेस्टेंट दिख रही हैं। इस शो पर उन्होंने अपने पारिवारिक झगड़े पर चौंकाने वाला खुलासा किया।
कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह का गोविंदा के परिवार से चला आ रहा करीब 15 साल पुराना विवाद अब खत्म हो चुका है। नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो लॉक अप: सच या सज़ा में गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने पहली बार इस पैच-अप के पीछे की पूरी कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि लाफ्टर शेफ्स के सेट पर कश्मीरा शाह ने उनके पैर पकड़कर रोते हुए माफी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की। इस इमोशनल मुलाकात के बाद दोनों परिवारों के बीच सालों से चली आ रही दूरियां खत्म होती नजर आईं। सुनीता ने इस पूरे घटनाक्रम को अपनी जिंदगी का बेहद भावुक पल बताया।

कैसे ख़त्म हुई सुनीता आहूजा और कृष्णा-कश्मीरा की सालों पुरानी लड़ाई?
सुनीता आहूजा ने बताया कि लाफ्टर शेफ्स के सेट पर उनकी और कृष्णा अभिषेक की मुलाकात करीब 14-15 साल बाद हुई। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्होंने कृष्णा के बच्चों तक को नहीं देखा था, जबकि बचपन में उन्होंने कृष्णा की परवरिश में अहम भूमिका निभाई थी। सुनीता आहूजा ने कहा, "जब मैं 'लाफ्टर शेफ्स' में गई तो 14-15 साल बाद कृष्णा और मेरा पैच-अप हुआ। मैंने उसके बच्चों को भी नहीं देखा था, जबकि वे अब 9 साल के हो चुके हैं। मैंने कृष्णा को पाल-पोसकर बड़ा किया था। लेकिन कश्मीरा बहुत अच्छी लड़की है। उसने मेरे पैर पकड़ लिए, रो-रोकर माफी मांगी। मैं भी रोने लगी। 14 साल बाद मैं उन दोनों से मिल रही थी। कश्मीरा मेरे पैरों में बैठ गई और बोली- 'सॉरी, मुझसे गलती हो गई थी।'"
यह भी पढ़ें : 'गोविंदा के कई अफेयर...', हीरो नं. 1 की पत्नी सुनीता ने नेशनल TV पर खोले बड़े राज!
आखिर क्यों हुआ था गोविंदा-सुनीता और कृष्णा-कश्मीरा का विवाद?
कृष्णा अभिषेक और गोविंदा के रिश्तों में दरार तब आई, जब टीवी शो में कृष्णा के कुछ मजाक गोविंदा को पसंद नहीं आए। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं। विवाद तब और गहरा गया जब कश्मीरा शाह का एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर लिखा था कि "कुछ लोग सिर्फ पैसों के लिए डांस करते हैं।" सुनीता आहूजा को लगा कि यह कमेंट गोविंदा के लिए किया गया था।
कपिल शर्मा के शो में क्यों नहीं जाती थीं सुनीता आहूजा?
समय के साथ दोनों परिवारों के बीच बयानबाजी भी बढ़ गई। कृष्णा ने एक समय दावा किया था कि गोविंदा उनके बच्चों को अस्पताल में देखने तक नहीं आए। वहीं गोविंदा ने सार्वजनिक रूप से कृष्णा को बेईमान बताया था। 2024 में सुनीता आहूजा ने यह भी कहा था कि वह द कपिल शर्मा शो में इसलिए नहीं जातीं क्योंकि वहां कृष्णा अभिषेक मौजूद रहते हैं।
यह भी पढ़ें : गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता का हो रहा तलाक? बेटी टीना ने पहली बार बयां किया दर्द
गोविंदा और कृष्णा के परिवारों के रिश्ते कैसे सुधरे?
जब गोविंदा के पैर में गलती से गोली लगने का हादसा हुआ था, तब कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे। उसी मुलाकात के बाद दोनों परिवारों के रिश्तों में सुधार की खबरें सामने आने लगी थीं, जो अब पूरी तरह सच साबित होती दिख रही हैं। सुनीता आहूजा इन दिनों नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सज़ा' का हिस्सा हैं। इसी शो के दौरान उन्होंने मधुरी ग्रोवर और आकांक्षा चौधरी के सामने 15 साल पुराने इस विवाद और इमोशनल पैच-अप की पूरी कहानी साझा की।
