Lock Upp 2 में सुनीता आहूजा ने गोविंदा के कई अफेयर्स, शादी में ‘थर्ड पार्टी’, पुराने विवादों पर खुलकर बात की। बयान वायरल होते ही सोशल मीडिया 2 हिस्सों में बंटा।

Netflix के रियलिटी शो Lock Upp: Sach Ya Saza के प्रीमियर में पहुंचीं गोविंदा की पत्नी और यूट्यूबर सुनीता आहूजा ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई ऐसे खुलासे किए, जिन्होंने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। शो के दौरान उन्होंने खुले तौर पर कहा कि गोविंदा के जीवन में कई अफेयर्स रहे, साथ ही शादी में 'थर्ड पार्टी' की मौजूदगी का भी जिक्र किया। इतना ही नहीं, उन्होंने गोविंदा के पैर में गोली लगने वाली घटना पर भी मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की। उनके बेबाक बयानों का वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आने लगीं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Lock Upp 2 में सुनीता आहूजा का बड़ा खुलासा

शो में जब होस्ट फराह खान ने सुनीता आहूजा से उनकी पुरानी हेडलाइन "मुझे गोविंदा जैसा बेटा चाहिए, पति नहीं" के बारे में पूछा, तो उन्होंने बिना झिझक जवाब दिया। सुनीता ने कहा, "प्यार में आपको हर चीज़ बर्दाश्त करनी चाहिए। ची-ची की जिंदगी में इतने अफेयर्स रहे, हीरो-हीरोइन की दुनिया में ऐसा होता ही है। इतने साल मैंने ची-ची का साथ निभाया है, इसलिए मुझे लगता है कि मुझे उनके जैसा बेटा मिलना चाहिए।"

यह भी पढ़ें : गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता का हो रहा तलाक? बेटी टीना ने पहली बार बयां किया दर्द

'गोली तभी लगती है जब कोई जिंदगी में आ जाता है'

सुनीता ने गोविंदा के पैर में गलती से गोली लगने वाली घटना का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा, "सुन रहे हो ची-ची, तो सुन लो। घुटनों पर गोली तभी लगती है, जब कोई जिंदगी में आ जाता है। मैंने तब भी झूठ नहीं बोला था। मैं मुंबई में थी ही नहीं। कई लोगों ने कहा कि गोली मैंने मारी, लेकिन मैं तो खाटू श्याम में थी। और मेरा निशाना कभी नहीं चूकता।"

सोशल मीडिया पर मिले मिले-जुले रिएक्शन

सुनीता आहूजा का वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, "यकीन ही नहीं हो रहा कि गोविंदा की पत्नी ने खुद यह सब कहा।" दूसरे ने लिखा, "सुनीता जी, थोड़ा तो रुक जातीं।, एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, "कम से कम वह सच छिपाने की कोशिश तो नहीं कर रहीं।" एक और फैन ने लिखा, "वह बेहद मजेदार हैं।" हालांकि, गोविंदा के कई प्रशंसकों ने सुनीता के इन बयानों को अभिनेता की छवि के लिए अपमानजनक बताते हुए उनकी आलोचना भी की।

यह भी पढ़ें : गोविंदा से शादी के 40 साल बाद छलका सुनीता आहूजा का दर्द, बोलीं- जो मुझे चाहिए था, वो नहीं मिला!

गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी

गोविंदा और सुनीता आहूजा ने साल 1987 में उस समय शादी की थी, जब गोविंदा बॉलीवुड में बड़े स्टार नहीं बने थे। दोनों ने करीब दो साल तक अपनी शादी को सार्वजनिक नहीं किया। बाद में बेटी टीना आहूजा के जन्म के बाद उन्होंने अपने रिश्ते की जानकारी दुनिया को दी। आज दोनों के दो बच्चे हैं—टीना आहूजा और यशवर्धन आहूजा।

पहले भी अफेयर्स की उड़ चुकी हैं चर्चाएं

गोविंदा का नाम अपने फिल्मी करियर के दौरान कई अभिनेत्रियों के साथ जोड़ा गया। सबसे ज्यादा चर्चित अफवाहें अभिनेत्री नीलम के साथ उनकी करीबी दोस्ती को लेकर रहीं। हाल के वर्षों में एक युवा मराठी अभिनेत्री के साथ भी उनके रिश्ते की चर्चाएं सामने आई थीं। वहीं, सुनीता आहूजा भी अलग-अलग इंटरव्यू में कई बार यह इशारा कर चुकी हैं कि बेवफाई की खबरों ने उनके वैवाहिक जीवन को प्रभावित किया था, हालांकि इन अफवाहों की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।