भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने खुलासा किया कि 103-104 डिग्री बुखार में अक्षय कुमार ने ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग की। उन्होंने इसे अपनी ड्रीम कोलैबोरेशन बताया।
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार अपनी फिटनेस और प्रोफेशनलिज्म के लिए जाने जाते हैं, लेकिन ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग से जुड़ा एक नया खुलासा उनकी मेहनत को और भी बड़ा बना देता है। भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने बताया है कि फिल्म के गाने ‘घिस घिस घिस’ की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार 103-104 डिग्री बुखार से जूझ रहे थे। इसके बावजूद उन्होंने पूरे डेडिकेशन के साथ शूटिंग पूरी की। अक्षरा ने इसे अपने करियर का ‘फैनगर्ल मोमेंट’ बताते हुए कहा कि अक्षय के साथ स्क्रीन शेयर करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था।

103-104 डिग्री बुखार में भी शूटिंग करते रहे अक्षय कुमार
अक्षरा सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया कि ‘वेलकम टू द जंगल’ के गाने की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार तेज बुखार से पीड़ित थे। ANI से बातचीत में उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी बात यह थी कि शूटिंग के दौरान उन्हें 103-104 डिग्री बुखार था। मैं लगातार उन्हें देख रही थी और तब समझ आया कि उन्हें अपने काम और कला से कितना प्यार है। वह बेहद जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करते हैं।” अक्षरा के मुताबिक, सेट पर मौजूद लोगों को भी शायद अंदाजा नहीं था कि अक्षय इतनी खराब तबीयत में शूट कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : कौन यह दिग्गज, जिसने अक्षय कुमार संग काम करने मांगी उनसे ज्यादा फीस, नहीं मिली तो ठुकरा दिया ऑफर
अहमद खान के फोन से शुरू हुई ड्रीम जर्नी
अक्षरा सिंह ने बताया कि उन्हें सबसे पहले निर्देशक अहमद खान की प्रोडक्शन टीम से कॉल आया था। उन्होंने कहा, “मुझे अहमद सर की प्रोडक्शन कंपनी से फोन आया। बताया गया कि ‘वेलकम टू द जंगल’ में एक गाना है और मुझे उसे करना है। शुरुआत में मैं थोड़ा हिचकिचाई थी।” इसके बाद कोरियोग्राफर गणेश आचार्य का फोन आया, जिसने उनका आत्मविश्वास बढ़ा दिया।
‘अक्षय कुमार का नाम सुनते ही मैं ब्लैंक हो गई’
अक्षरा ने बताया कि जब गणेश आचार्य ने उन्हें गाने के बारे में समझाया और अक्षय कुमार का नाम लिया, तो वह बेहद भावुक हो गई थीं। उनके शब्दों में, “जैसे ही मैंने गणेश सर और अक्षय सर का नाम सुना, मैं पूरी तरह ब्लैंक हो गई। एक कलाकार के तौर पर यह मेरे लिए बहुत बड़ा मौका था।” अक्षरा सिंह ने यह भी माना कि शूटिंग शुरू होने से पहले वह काफी नर्वस थीं। उन्होंने कहा, “मेरे अंदर का बच्चा इतना घबरा गया था कि मुझे वॉशरूम तक जाना पड़ा। कल तक मैं टीवी पर अक्षय सर की फिल्में देखकर ताली बजाती थी और अचानक उनके साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिल गया। सच में लगा कि जिंदगी खुद अपनी स्क्रिप्ट लिख रही है।”
यह भी पढ़ें : बॉलीवुड में किसे मिलता है कितना पेमेंट, खाने में होता है कैसा भेदभाव? कलाकारों के शॉकिंग खुलासे
‘वेलकम टू द जंगल’ में सितारों की फौज
अहमद खान के निर्देशन में बनी ‘वेलकम टू द जंगल’ इस साल की सबसे बड़ी मल्टीस्टारर फिल्मों में गिनी जा रही है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, संजय दत्त, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरिदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा जैसे कलाकारों ने काम किया है। फिल्म 26 जून को रिलीज हो रही है।
