सनी देओल और अक्षय खन्ना लगभग 28 साल बाद 'इक्का' में साथ नजर आएंगे। कोर्टरूम ड्रामा का ट्रेलर रिलीज होते ही इसकी दमदार कहानी और स्टारकास्ट चर्चा में आ गई।
सनी देओल और अक्षय खन्ना की मोस्ट अवैटेड फिल्म 'इक्का' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। करीब 28 साल बाद दोनों स्टार्स एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। इससे पहले दोनों को दर्शकों ने सुपरहिट फिल्म 'बॉर्डर' में देखा था। इस बार कहानी युद्ध के मैदान की नहीं, बल्कि कोर्टरूम की है, जहां कानून, रिश्ते, नैतिकता और सच के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलेगा। ट्रेलर में सस्पेंस, इमोशन और दमदार कोर्टरूम ड्रामा की झलक दिखाई गई है, जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

कैसा है सनी देओल की फिल्म 'इक्का' का ट्रेलर?
सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी 'इक्का' एक हाई-स्टेक कोर्टरूम ड्रामा है। कहानी की शुरुआत अक्षय खन्ना के किरदार शौर्यमान गौर से होती है, जिस पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया जाता है। दूसरी ओर सनी देओल अर्जुन मेहरा नाम के ऐसे वकील बने हैं, जिन्हें अदालत में लगभग अजेय माना जाता है। उनका मानना है कि वह अदालत में केवल केस जीतने के लिए नहीं, बल्कि लोगों के अधिकारों के लिए लड़ते हैं। इसी बीच शौर्यमान, अर्जुन मेहरा से एक ऐसी डील करता है, जिसके बाद कहानी में बड़ा मोड़ आ जाता है।
यह भी पढ़ें : 'बॉर्डर 3' ही नहीं, सनी देओल की इन 6 फिल्मों के सीक्वल का भी सबको इंतज़ार, 2 का आना है तीसरा पार्ट
'इक्का' के ट्रेलर में सबसे ज्यादा रोमांच वाला एंगल कौन सा?
फिल्म में तिलोत्तमा शोम एक सरकारी वकील के किरदार में नजर आएंगी, जो कभी अर्जुन मेहरा की छात्रा रह चुकी हैं। दोनों की टक्कर वाला सीन सबसे रोमांच वाला है। वहीं दिया मिर्जा एक पत्नी और मां की भूमिका निभा रही हैं, जो लगातार बिगड़ते हालात के बीच अपने परिवार को संभालने की कोशिश करती हैं।जैसे-जैसे कोर्ट में जिरह आगे बढ़ती है, नए आरोप सामने आते हैं और पूरा मामला और भी उलझता चला जाता है। आखिर सच क्या है और फैसला किसके पक्ष में जाएगा, यही फिल्म का सबसे बड़ा सस्पेंस है।

क्या सिर्फ कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है 'इक्का'?
फिल्म को लेकर सनी देओल ने कहा, "इक्का सिर्फ एक कोर्टरूम ड्रामा नहीं है। यह परिवार, रिश्तों और जिंदगी के उन कठिन फैसलों की कहानी है, जिनका सामना हर इंसान को कभी न कभी करना पड़ता है। अर्जुन ऐसा इंसान है जो हमेशा सही काम करने में विश्वास रखता है, लेकिन हालात उसे हर चीज पर सवाल उठाने के लिए मजबूर कर देते हैं। उसका दर्द, उसका गुस्सा, उसकी खामोशी और अपने विश्वास के लिए उसकी लड़ाई ही मुझे इस किरदार तक खींच लाई।" उन्होंने आगे कहा, "यह फिल्म मेरे लिए इसलिए भी खास है क्योंकि यह मेरी पहली डायरेक्ट-टू-स्ट्रीमिंग रिलीज है। मुझे खुशी है कि नेटफ्लिक्स के जरिए भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के दर्शक 'इक्का' देख पाएंगे।"
यह भी पढ़ें : 150 मिनट की फिल्म में 19 सीन ऐसे कि मचा था बवाल, TV - OTT वाले चाह कर भी नहीं कर सकते रिलीज
कब रिलीज होगी सनी देओल की फिल्म 'इक्का'?
'इक्का' की कहानी अल्थिया कौशल और मयंक तेवारी ने लिखी है। फिल्म में सनी देओल, अक्षय खन्ना, दिया मिर्जा और तिलोत्तमा शोम के अलावा संजीदा शेख, शिशिर शर्मा और आकांक्षा रंजन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन और अल्केमी फिल्म्स के बैनर तले बनी 'इक्का' का प्रीमियर 10 जुलाई को सीधे Netflix पर होगा। ट्रेलर के बाद अब दर्शकों की नजरें फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं।
