'गदर 2' और 'बॉर्डर 2' की सफलता के बाद सनी देओल की डिमांड चरम पर है। उनकी आने वाली फिल्मों में कई सीक्वल हैं, जिनका सभी को बेसब्री से इंतज़ार है। डालिए एक नज़र।
सनी देओल आज की तारीख में सबसे डिमांडिंग एक्टर्स में से एक हैं। खासतौर पर जबसे उनकी फिल्म 'गदर 2' ब्लॉकबस्टर हुई है, उनकी मांग तेजी से बढ़ी है. फिर 'जाट' और 'बॉर्डर 2' की सफलता उनके लिए सोने पर सुहागा की तरह रहीं। एक ओर जहां सनी नई फ़िल्में कर रहे हैं तो वहीं उनकी सीक्वल भी खूब सुर्खियां बटोर रही हैं। 'बॉर्डर 2' के सफल होने के बाद इस फिल्म के तीसरे पार्ट की मांग की जा रही है, जिसपर हाल ही में अपडेट भी आया है। हम आपको बता रहे हैं सनी देओल की उन सीक्वल फिल्मों के बारे में, जिनका उनके चाहने वाले बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। डालिए इन फिल्मों पर एक नज़र...

1. 'बॉर्डर 3' पर शुरू हो चुका काम
हाल ही में प्रोड्यूसर निधि दत्ता ने एक बातचीत में खुलासा किया कि सनी देओल की फिल्म 'बॉर्डर 3' पर काम शुरू हो चुका है। हालांकि, उन्होंने ज्यादा डिटेल नहीं बताई, लेकिन यह फिल्म उनकी प्राथमिकता में है। फिल्म में सनी देओल की मुख्य भूमिका रहेगी। कहा यह तक जा रहा है कि अनुराग सिंह 'बॉर्डर 2'की तरह फिल्म के तीसरे पार्ट को भी डायरेक्ट करेंगे। अभी तक फिल्म की रिलीज डेट से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें : सनी देओल की 'बॉर्डर 3' पर आया सबसे बड़ा अपडेट, साथ में सामने आया 4 और बड़ी फिल्मों का मास्टर प्लान
2. रामायण पार्ट 2 में सनी देओल बनेंगे हनुमान
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' दो पार्ट में रिलीज होगी। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म में सनी देओल हनुमान के रोल में नज़र आएंगे. पहले पार्ट में उनका छोटा सा रोल होगा। लेकिन दूसरे पार्ट में वे पूरी फिल्म में दिखाई देंगे। ऐसे में दर्शक 2027 की दिवाली के मौके पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म का पहला पार्ट 2026 की दिवाली पर रिलीज हो जाएगा।
3. जाट 2 में दिखेगा सनी देओल का एक्शन अवतार
2025 में 'जाट' में सनी देओल के एक्शन ने खूब वाहवाही लूटी थी। गोपीचंद मलिनेनी निर्देशित इस फिल्म के सफल होने के बाद मेकर्स ने इसके दूसरे पार्ट का ऐलान कर दिया था। पहले माना जा रहा था कि गोपीचंद ही इसे डायरेक्ट करेंगे। लेकिन बाद में ऐसी ख़बरें आईं कि इस फिल्म के लिए राजकुमार संतोषी को अप्रोच किया गया है। फिल्म 2027 में आ सकती है।
4.ग़दर 3 से फिर मचाएंगे बॉक्स ऑफिस पर ‘ग़दर’
सनी देओल ने 2023 में ब्लॉकबस्टर 'ग़दर' फ्रेंचाइजी के दूसरे पार्ट 'ग़दर 2' से बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाया। अब इस फिल्म का तीसरा पार्ट आने वाला है। हाल ही में फिल्म के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने 'ग़दर 3' की पुष्टि की और कहा कि इसकी शूटिंग 2027 में शुरू हो सकती है।सबकुछ प्लान के हिसाब से चला तो यह फिल्म 2028 में रिलीज हो सकती है।
यह भी पढ़ें : 150 मिनट की फिल्म में 19 सीन ऐसे कि मचा था बवाल, TV - OTT वाले चाह कर भी नहीं कर सकते रिलीज
5. अपने 2 में दिखेगा सनी देओल का इमोशनल अवतार
2007 की सुपरहिट स्पोर्ट ड्रामा 'अपने' के सीक्वल का अनाउंसमेंट 30 नवम्बर 2020 को हुआ था। पहले पार्ट की तरह अनिल शर्मा ही इसे डायरेक्ट करेंगे। सनी देओल और बॉबी देओल के साथ एक बार उनके पिता धर्मेंद्र की वापसी होने वाली थी। लेकिन धर्मेंद्र के निधन के बाद फिल्म पर सस्पेंस बढ़ गया। मेकर्स यह दावा कर चुके है कि यह फिल्म धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि के रूप में बनाई जाएगी। अभी तक इससे जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इतना जरूर कहा जा रहा है कि फिल्म में सनी देओल के बेटे करण देओल की एंट्री हो सकती है।
6. ‘मां तुझे सलाम 2’ का भी हो चुका है ऐलान
2002 में डायरेक्टर टीनू वर्मा ने सनी देओल को लीड रोल में लेकर 'मां तुझे सलाम' बनाई थी, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी। 2023 में जब सनी देओल की 'ग़दर 2' ब्लॉकबस्टर बनी तो प्रोड्यूसर महेंद्र धारीवाल ने 'मां तुझे सलाम 2' का ऐलान कर दिया था। हालांकि, अभी तक इस फिल्म को लेकर कोई बड़ा डेवलपमेंट सामने नहीं आया है।
