इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस मिला तो किरण राव और सबा आजाद ने नाराजगी जताई है। एक्टर अब इस फैसले को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी में हैं।

आमिर खान के भांजे और एक्टर इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद अब फिल्म इंडस्ट्री से भी रिएक्शंस सामने आने लगे हैं। आमिर खान की पूर्व पत्नी और फिल्ममेकर किरण राव ने इस मामले पर मुंबई पुलिस को लेकर सवाल उठाया है, वहीं ऋतिक रोशन की गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस सबा आजाद ने भी नोटिस पर नाराजगी जताई है। इमरान को यह नोटिस मुंबई में एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद जारी किया गया। अब एक्टर इस फैसले को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं। आखिर पूरा मामला क्या है और किरण राव ने इस पर क्या कहा?

इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस क्यों मिला?

इमरान खान पिछले हफ्ते मुंबई में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसके बाद फॉरेन रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने उन्हें नोटिस जारी किया। इस नोटिस में इमरान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने के लिए कहा गया है। इमरान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड भी है।

यह भी पढ़ें : इमरान खान को भारत छोड़ने के नोटिस पर बॉलीवुड में बवाल! पुलिस के फैसले पर क्या बोले 3 दिग्गज!

किरण राव- सबा आजाद ने इमरान खान के मामले पर क्या कहा?

किरण राव ने इस घटनाक्रम पर अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “वाह, अब मुंबई पुलिस?” किरण राव, आमिर खान की पूर्व पत्नी और फिल्ममेकर हैं। इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद उनकी यह प्रतिक्रिया सामने आई है।

किरण राव से पहले ऋतिक रोशन की गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस सबा आजाद ने भी इस मामले पर असहमति जताई थी। नोटिस से जुड़ी पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “क्या!? यह बिल्कुल बकवास है।”

यह भी पढ़ें : Imran Khan Case: आमिर खान के भांजे इमरान खान पहुंचे हाईकोर्ट! 'भारत छोड़ने' के आदेश को एक्टर की चुनौती

इमरान खान को क्यों हिरासत में लिया गया था?

पिछले शनिवार को मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान इमरान खान को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया था। उनकी पार्टनर लेखा वाशिंगटन और कजिन जायन मैरी खान भी उन 400 से अधिक प्रदर्शनकारियों में शामिल थीं, जिन्हें हिरासत में लिया गया। तीनों को उसी शाम रिहा कर दिया गया था। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इमरान खान की कानूनी टीम ने बताया है कि एक्टर भारत छोड़ने के नोटिस को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती देंगे। उनके वकील के अनुसार, इस संबंध में अपील अगले सप्ताह दायर किए जाने की उम्मीद है। हालांकि, अपील के आधार से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।