जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे में 39 लोगों में से 9 की मौत हो गई और 6 लापता हैं। इस घटना पर सोनू सूद ने दुख जताते हुए हर यात्री के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य करने और सख्त नियम लागू करने की मांग की है।

Jabalpur Cruise Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम के बैकवॉटर में 30 अप्रैल 2026 की शाम हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। 43 लोगों से भरा एक क्रूज ऊंची लहरों के बीच पानी में समा गया, जिसमें अब तक 9 लोगों के शव मिल चुके हैं। इस हादसे पर राजनीति से लेकर फिल्म जगत तक के कई लोगों ने दुख व्यक्त किया है। इन्हीं में से एक हैं बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद।

Sonu Sood Reaction: सिस्टम पर उठाए सवाल

इस हादसे पर अभिनेता सोनू सूद ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने न केवल संवेदना व्यक्त की, बल्कि सिस्टम पर भी सवाल उठाए और प्रशासन से जरूरी कदम उठाने की अपील की। सोनू सूद ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि कुछ समय पहले उन्होंने बिहार नाव हादसे के बाद हर यात्री के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य करने की मांग की थी। लेकिन वृंदावन में हादसा हुआ और अब मध्य प्रदेश में भी ऐसी ही घटना सामने आई है। आखिर और कितनी जानें जाएंगी?

Scroll to load tweet…

सुरक्षा सुझाव: बिना लाइफ जैकेट नाव न चले

सोनू सूद ने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि इस नियम को सख्ती से लागू किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि कोई भी नाव तब तक किनारे से न निकले, जब तक हर यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहन ली हो।

सरकारी पोर्टल का सुझाव: जवाबदेही बढ़ाने पर जोर

अपनी पोस्ट में सोनू सूद ने एक अहम सुझाव भी दिया। उनके अनुसार, एक ऐसा सरकारी पोर्टल होना चाहिए जहां हर ट्रिप से पहले यात्रियों की लाइफ जैकेट पहने हुए टाइम-स्टैम्प फोटो अपलोड करना जरूरी हो। उन्होंने कहा कि सख्त जवाबदेही ही ऐसी घटनाओं को रोक सकती है और लोगों की जान बचा सकती है।

हादसे का अपडेट: मौतें, लापता और रेस्क्यू ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, इस क्रूज में कुल 43 लोग सवार थे, जिनमें 9 लोगों (8 महिलाएं 1 बच्चा) के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, 28 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 6 लोग अब भी लापता हैं जिनकी तलाश की जा रही है। NDRF-SDRF के अलावा सेना द्वारा लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।