मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के बाद सामने आए पोस्ट और ऑडियो ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक नाम, गैंग से कनेक्शन और बॉलीवुड को लेकर धमकी ने बढ़ाई चिंता।
बॉलीवुड में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक पोस्ट और ऑडियो ने मामले को और गंभीर बना दिया है। ऑडियो में एक शख्स ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। साथ ही फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वालों को लेकर धमकी भरी बातें कही गई हैं और सलमान खान का भी जिक्र किया गया है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच अनिल पंडित नाम चर्चा में है। आखिर कौन है यह शख्स और कथित गैंग से उसका क्या संबंध बताया जा रहा है?
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अनिल पंडित का नाम कैसे आया?
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक फेसबुक पोस्ट और ऑडियो सामने आने की बात कही गई। इनमें अनिल पंडित नाम के शख्स ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। उसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
वायरल ऑडियो में टाइगर श्रॉफ और सलमान खान को लेकर क्या कहा गया?
कथित ऑडियो में एक शख्स खुद को अनिल पंडित और लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई बताते हुए कहता है,
आज जो मुंबई में टाइगर श्रॉफ पर हमला हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पंडित और मेरा बड़ा भाई हरमन संधू लेते हैं। इसको हमने समझाया था लेकिन इसको समझ में नहीं आई।
ऑडियो में आगे फिल्म इंडस्ट्री में उनके मुताबिक काम नहीं करने वालों और सलमान खान के साथ काम करने वालों को जान से मारने की धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है,
ये पहली और आखिरी चेतावनी है।
सलमान खान को संबोधित करते हुए कथित ऑडियो में कहा गया है,
सलमान खान एक बात ध्यान से सुन लें, अगर तुमने मेरे बड़े भाई लॉरेंस से...... तुम्हारे पूरे परिवार का नाश कर देंगे। ये बात माइंड में बिठा लेना। जो तुम ये सोचते हो ना कि तुम सिक्योरिटी में हो तुम्हें कुछ नहीं होगा, तुम्हारा वो हाल करेंगे कि पूरी दुनिया याद रखेगी।
कौन है अनिल पंडित और कहां होने का दावा है?
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, अनिल पंडित हरियाणा का रहने वाला बताया जाता है और उसके अमेरिका के कैलिफॉर्निया में होने का दावा किया गया है। उस पर दिल्ली-एनसीआर में कई आपराधिक मामलों से जुड़े होने की बात भी कही गई है। कथित तौर पर वह दिल्ली से महाराष्ट्र तक जबरन वसूली के नेटवर्क से जुड़ा है। अनिल पंडित का नाम बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के संदर्भ में भी सामने आने की बात कही गई है।
दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग से क्या है कनेक्शन?
इससे पहले हरियाणवी गायक दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में भी अनिल पंडित का नाम एक कथित फेसबुक पोस्ट के जरिए चर्चा में आया था। उस पोस्ट में लिखा गया था, “इसको बड़े भाई अनिल पंडित ने कॉल करके समझाया था, लेकिन इसको समझ नहीं आ रही थी।”






