Karan Wahi modern women Comment: टीवी अभिनेता करण वाही एक पॉडकास्ट में मॉडर्न वूमन पर दिए बयान को लेकर विवादों में हैं। उन्होंने कहा कि आज की महिलाओं में धैर्य कम है और वे जल्दी रिश्ते खत्म कर देती हैं।
टीवी और वेब सीरीज के लोकप्रिय अभिनेता करण वाही इन दिनों अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में उन्होंने एक पॉडकास्ट में आधुनिक महिलाओं (Modern Women) को लेकर अपनी राय रखी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। कई यूजर्स ने उनके बयान को महिलाओं के प्रति पक्षपातपूर्ण और आपत्तिजनक बताया है।
क्या बोले करण वाही?
करण वाही ने अभिनेत्री छवि मित्तल के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान आज की पीढ़ी की महिलाओं और अपनी मां की पीढ़ी की महिलाओं की तुलना की। उन्होंने कहा कि पहले की महिलाएं अगर किसी बात से परेशान होती थीं तो चुपचाप उसे अपने तरीके से संभाल लेती थीं, लेकिन आज की महिलाएं किसी भी रिश्ते से तुरंत आगे बढ़ जाती हैं। करण ने बातचीत में कहा कि आज के समय में महिलाएं बिना ज्यादा सोचे रिश्ता खत्म कर आगे बढ़ने का फैसला ले लेती हैं। उनका मानना था कि नई पीढ़ी की महिलाओं में पहले की तुलना में धैर्य कम हो गया है।
और पढ़ें - Lock Upp 2: अपूर्वा मखीजा की वाइल्ड कार्ड एंट्री? फैंस बोले- अब आएगा असली मजा
पूर्व गर्लफ्रेंड को लेकर भी किया खुलासा
पॉडकास्ट के दौरान करण वाही ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी एक पूर्व गर्लफ्रेंड उनके साथ रिलेशनशिप में रहते हुए एक साथ सात अन्य लोगों को भी डेट कर रही थीं। हालांकि, करण ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी महिला को एक साथ कई लोगों को डेट करने के लिए जज नहीं करते। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद कभी एक साथ कई लोगों को डेट नहीं किया, क्योंकि इससे रिश्तों में भ्रम पैदा हो सकता है।
पुरुषों पर समाज की अपेक्षाओं का भी किया जिक्र
करण वाही ने बातचीत में यह भी कहा कि समाज पुरुषों से बचपन से ही कमाने और परिवार की जिम्मेदारी उठाने की उम्मीद करता है। उनका मानना है कि पुरुषों और महिलाओं के प्रति समाज का नजरिया अलग-अलग रहा है।
और पढ़ें - Lock Upp 2: राम कपूर के चिपकने से परेशान श्रेया कालरा? 'मेरे पापा भी इतना Kiss नहीं करते…'
सोशल मीडिया पर शुरू हुई आलोचना
पॉडकास्ट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कई यूजर्स ने करण वाही के बयान पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा, 'आखिर 'बहुत ज्यादा इंडिपेंडेंट' होने का मतलब क्या है? क्या पुरुष बहुत ज्यादा इंडिपेंडेंट नहीं हो सकते?' वहीं दूसरे यूजर ने आरोप लगाया कि करण अपने अहंकार की वजह से अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड को निशाना बना रहे हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'मुझे उन पर क्रश था, लेकिन अब समझ आया कि उन्होंने अब तक शादी क्यों नहीं की।' हालांकि, कुछ लोगों ने यह भी कहा कि करण केवल अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा कर रहे थे और उनकी बातों को पूरे संदर्भ में समझा जाना चाहिए।

अब तक नहीं आया कोई जवाब
सोशल मीडिया पर लगातार हो रही आलोचना के बावजूद करण वाही ने अब तक इस पूरे विवाद पर कोई ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं दी है। ऐसे में फैंस यह जानने का इंतजार कर रहे हैं कि अभिनेता इस विवाद पर अपनी सफाई देते हैं या नहीं। बता दें, करण वाही पिछले दो दशक से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। उन्होंने 'रिमिक्स', 'दिल मिल गए' जैसे लोकप्रिय टीवी शोज से पहचान बनाई। इसके अलावा वह 'दावत-ए-इश्क', 'हेट स्टोरी 4' और 'आप जैसा कोई' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। आने वाले समय में वह स्टंट रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 15' में बतौर कंटेस्टेंट दिखाई देंगे।
