'Godzilla vs. Kong' की 18 साल की अदाकारा केली हॉटल (Kaylee Hottle) का मैरीलैंड में कार हादसे में निधन हो गया। उनके पिता ने इस दुखद खबर की पुष्टि की। हादसे की जांच जारी है
हॉलीवुड फिल्म 'गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग' (Godzilla vs. Kong) और र 'गॉडजिला एक्स कॉन्ग: द न्यू एम्पायर' (Godzilla x Kong: The New Empire) में जिया (Jia) का किरदार निभाने वाली 18 साल की एक्ट्रेस केली हॉटल (Kaylee Hottle) का एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि उनके पिता जोशुआ हॉटल ने की है। इस खबर से हॉलीवुड और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मैरीलैंड में हुआ दर्दनाक हादसा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा अमेरिका के मैरीलैंड में हुआ। जिस कार में केली सवार थीं, वह सड़क से उतरकर एक कल्वर्ट (पुलिया) से टकरा गई। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
पिता ने की निधन की पुष्टि
केली के पिता जोशुआ हॉटल ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर बेटी के निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह उनके परिवार के लिए बेहद दुखद और कठिन समय है। केली टेक्सास स्कूल फॉर द डेफ की सीनियर स्टूडेंट थी। स्कूल ने उनकी मौत पर लिखा कि
हमें बेहद दुख से बताना पड़ रहा है कि हमारी सीनियर छात्रा केली हॉटल का कार एक्सीडेंट में निधन हो गया। इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और सभी चाहने वालों के साथ हैं।
'जिया' बनकर मिली थी पहचान
केली हॉटल जन्म से ही श्रवण बाधित (Deaf) थीं। उन्होंने 2021 में रिलीज हुई 'Godzilla vs. Kong' में जिया का किरदार निभाकर दुनियाभर में पहचान बनाई। इसके बाद वह 'Godzilla x Kong: The New Empire' में भी इसी भूमिका में नजर आईं। उनकी एक्टिंग और सांकेतिक भाषा के जरिए निभाए गए किरदार को खूब सराहा गया था।
इसे भी पढ़ें: Toxic song Madhosh: 'तबाही' के बाद रिलीज हुआ 'मदहोश', यश और तारा सुतारिया का दिखा जबरदस्त केमिस्ट्री
फैंस और सितारों ने दी श्रद्धांजलि
केली के निधन के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्हें हॉलीवुड में श्रवण बाधित कलाकारों की मजबूत आवाज और प्रेरणा के रूप में याद किया जा रहा है।
और पढ़ें: Bigg Boss 20: सलमान खान फिर संभालेंगे कमान, नए लोगो के साथ हुई शो की धमाकेदार अनाउंसमेंट
