‘महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की’ का टीजर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। फिल्म में ‘कच्चा बादाम गर्ल’ अंजलि अरोड़ा माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं। उनकी कास्टिंग देखकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स नाराज हैं और मेकर्स पर सवाल उठा रहे हैं।
साल 2026 में बड़े पर्दे पर रामायण की कहानी एक नहीं, बल्कि दो बार नजर आने वाली है। रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर पहले से ही जबरदस्त बज बना हुआ है। अब भगवान राम और माता सीता की कहानी पर आधारित एक और फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की’ दर्शकों के बीच आने वाली है, जिसका टीजर रिलीज हो चुका है। इस फिल्म में अंजलि अरोड़ा माता सीता के किरदार में नजर आ रही हैं। हालांकि, अंजलि को सीता के रूप में देखकर कुछ दर्शक नाराज हैं और सोशल मीडिया पर फिल्म की कास्टिंग को लेकर मेकर्स पर सवाल उठा रहे हैं।
सीता के रोल में दिखीं अंजलि अरोड़ा
अंजलि अरोड़ा सोशल मीडिया पर अपने डांस वीडियो और खासकर ‘कच्चा बादाम’ ट्रेंड के बाद काफी फेमस हुई थीं। इसके बाद वह रियलिटी शो ‘लॉक अप’ के पहले सीजन में भी नजर आईं। अब वह एक बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण भूमिका में दिखाई देने वाली हैं। फिल्म में अंजलि को माता सीता का किरदार मिला है, जबकि देव शर्मा भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। टीजर की शुरुआत राम और सीता के स्वयंवर से होती है और इसके बाद कहानी वनवास की ओर बढ़ती दिखाई देती है। टीजर में राम-सीता के रिश्ते, वनवास, विरह और आगे की घटनाओं की झलक देखने को मिलती है। ‘रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई’ जैसे डायलॉग और रामायण की चौपाइयां इसे माइथोलॉजिकल रंग देते हैं।
अंजलि को सीता के रूप में देख भड़के यूजर्स
टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म की कहानी से ज्यादा अंजलि अरोड़ा की कास्टिंग को लेकर बवाल मचा हुआ है। लोगों ने सवाल उठाया है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर पहचान बनाने वाली अंजलि को माता सीता जैसे पूजनीय किरदार के लिए क्यों चुना गया। कुछ यूजर्स ने रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर चल रही बहस से इसे जोड़ते हुए लिखा, “जिनको रणबीर कपूर की ‘रामायण’ से दिक्कत है, ये देखो तुम्हारे लिए है।” वहीं, एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “हिम्मत तो देखो मेकर की।" 'इसके अलावा कई लोगों ने मजाकिया लहजे में फिल्म की कास्टिंग पर कमेंट करते हुए लिखा, “इंडियन ऑडियंस के लिए ये मूवी है।”
लोगों ने पकड़ा मेकर की कौन सी बड़ी गलती?
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के टीजर में 'कृष्णाय वासुदेवाय हरये...' मंत्र बजता है। जिसे सुनकर लोग हैरान हैं। उनका कहना है कि जब श्रीकृष्ण, भगवान राम के बाद आए थे तो उनका मंत्र 'रामायण' में कैसे इस्तेमाल हो सकता है?
और पढ़ें: Ramayana Release Date से उठा पर्दा, 30 अक्टूवर या 8 नवम्बर नहीं, इस तारीख को होगी वर्ल्डवाइड रिलीज
टीजर में दिखी राम-सीता की कहानी
फिल्म का टीजर मुख्य रूप से भगवान राम और माता सीता के रिश्ते को फोकस में रखता है। विवाह से लेकर वनवास और सीता हरण तक की कहानी की झलक दिखाई गई है। फिल्म के मेकर्स ने प्रेम, आस्था, त्याग, धर्म और मर्यादा को कहानी का प्रमुख हिस्सा बताया है।फिल्म के निर्देशक अभिषेक सिंह हैं। यह फिल्म हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी रिलीज होगी। मेकर्स के मुताबिक, ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

रणबीर कपूर की ‘रामायणम्’ कब रिलीज होगी?
रामायण पर आधारित यह फिल्म ऐसे समय में आ रही है जब रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ को लेकर भी जबरदस्त बज बना हुआ है। ‘रामायणम्’ भारत में 8 नवंबर 2026 को दिवाली पर रिलीज होगी। वहीं विदेश में यह मूवी दो दिन पहले यानी 6 नवंबर को पर्दे पर आएगी।
और पढ़ें: पहले दिन कितनी कमाई करेगी 'टॉक्सिक' और 'रामायण', क्या यश बनाएंगे यह सबसे बड़ा रिकॉर्ड?
