Mouni Roy- Disha Patani Relationship Truth: मौनी रॉय और सूरज नांबियार के तलाक की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुआ, जिसमें मौनी को दिशा पाटनी संग रिश्ते और शादी का ऐलान करते दिखाया गया। हालांकि, यह पोस्ट पूरी तरह फर्जी निकला। इसी बीच मौनी और सूरज ने अलग होने को लेकर आधिकारिक बयान भी जारी किया है।
मौनी रॉय और सूरज नांबियार के तलाक की खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। इसी बीच एक वायरल पोस्ट ने विवाद को और बढ़ा दिया, जिसमें दावा किया गया कि मौनी रॉय ने दिशा पाटनी के साथ अपने रिश्ते की पुष्टि करते हुए शादी का ऐलान कर दिया है। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दिशा पाटनी को ट्रोल करना शुरू कर दिया। हालांकि, बाद में साफ हुआ कि यह पोस्ट पूरी तरह फर्जी है और इसे एडिट करके वायरल किया गया है। दूसरी तरफ मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने एक संयुक्त बयान जारी कर अलग होने की पुष्टि की है और निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की है।

दिशा पाटनी संग शादी वाला पोस्ट निकला फर्जी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में दावा किया गया कि मौनी रॉय ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिशा पाटनी के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “एक अध्याय खत्म होने के बाद मुझे अपना हमेशा का प्यार मिल गया। हां... दिशा और मैं इस प्रेम कहानी को शादी में बदलने के लिए तैयार हैं। अब दर्द से खुशी तक का सफर हमेशा के लिए शुरू हो रहा है।”
हालांकि, बाद में पता चला कि यह पोस्ट पूरी तरह फर्जी है। वायरल तस्वीर दरअसल पिछले साल की है, जब जून 2025 में दिशा पाटनी के जन्मदिन पर दोनों अभिनेत्रियां इस्कॉन मंदिर गई थीं।
तलाक की खबरों के बीच दिशा पाटनी हुईं ट्रोल
मौनी रॉय और सूरज नांबियार के अलग होने की अफवाहें पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर चल रही थीं। इसी दौरान वायरल पोस्ट के बाद कई यूजर्स ने बिना सच्चाई जाने दिशा पाटनी को ट्रोल करना शुरू कर दिया। सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कमेंट्स देखने को मिले। हालांकि, फैक्ट सामने आने के बाद कई लोगों ने फर्जी खबर फैलाने वालों की आलोचना भी की।
मौनी रॉय और सूरज नांबियार का आधिकारिक बयान
गुरुवार को मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने एक संयुक्त बयान जारी कर अलग होने की पुष्टि की। बयान में कहा गया, “हम अपनी निजी जिंदगी में मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा दिखाई जा रही अनावश्यक और दखल देने वाली दिलचस्पी से दुखी हैं। हमने अलग होने का फैसला किया है और निजी व शांतिपूर्ण तरीके से इस स्थिति को संभालने के लिए जरूरी समय ले रहे हैं।” बयान में आगे लिखा गया, “हमारी निजी जिंदगी को सनसनीखेज बनाने के लिए झूठी कहानियां और गलत बातें फैलाई जा रही हैं, जो हमारे रिश्ते की सच्चाई को नहीं दर्शातीं। काफी सोच-विचार के बाद हमने आपसी सम्मान और समझदारी के साथ अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला किया है।”
दोस्ती हमेशा बनाए रखेंगे : मौनी- सूरज
मौनी और सूरज ने अपने बयान के आखिर में कहा, “फिलहाल हम इस दौर को शांति और समझदारी के साथ निजी तरीके से संभालने पर ध्यान दे रहे हैं। आने वाले समय में हम अपनी दोस्ती को संजोकर रखने की कोशिश करेंगे। हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने और लगातार समर्थन देने के लिए धन्यवाद। — मौनी और सूरज”
