भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। 10 करोड़ एलिमनी की चर्चाओं के बीच ज्योति सिंह के सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहे हैं, जिन्हें लोग पवन सिंह पर अप्रत्यक्ष निशाना मान रहे हैं।

Pawan Singh-Jyoti Singh Divorce Controversy: भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह की प्रोफेशनल लाइफ जितनी सफल रही, उनकी पर्सनल लाइफ उतनी ही कॉन्ट्रोवर्शियल रही है। पिछले कुछ दिनों से भोजपुरी इंडस्ट्री में पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक और कथित 10 करोड़ रुपये की एलिमनी को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि, अब यह मामला सिर्फ कानूनी विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है। ज्योति सिंह के हालिया पोस्ट्स ने इस विवाद को और चर्चा में ला दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

10 करोड़ एलिमनी की खबरों से शुरू हुई चर्चा

इस पूरे विवाद की चर्चा तब ज्यादा बढ़ी, जब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ज्योति सिंह ने पवन सिंह से अलग होने के बदले 10 करोड़ रुपये की मांग की है। हाल ही में एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में ज्योति सिंह ने इन खबरों पर रिएक्शन भी दिया था। उन्होंने इन अफवाहों को लेकर अपनी बात रखने की कोशिश की और कई बातों को स्पष्ट किया। हालांकि, इसके बाद भी सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

ज्योति सिंह की इंस्टा पोस्ट ने बढ़ाई हलचल

ज्योति सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार दो पोस्ट शेयर किए, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। पहली पोस्ट में उन्होंने लिखा, “जरूरी नहीं कि औरत तुम्हें बद्दुआ दे... उसके दिल की तड़प ही तुम्हारी बर्बादी के लिए काफी है!” इस पोस्ट को लोग उनके दर्द और मानसिक तनाव से जोड़कर देख रहे हैं। इसके बाद दूसरी पोस्ट और भी ज्यादा चर्चा में आ गई, जिसमें लिखा था, “मौत से बदतर कुछ है??? स्त्री की हाय।” हालांकि इन पोस्ट्स में कहीं भी पवन सिंह का नाम नहीं लिया गया, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स इसे सीधे तौर पर उन्हीं से जोड़ रहे हैं।

तलाक और रिश्ते को लेकर दोनों का अलग रुख

पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच चल रहा कानूनी विवाद पहले से ही चर्चा में रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पवन सिंह कोर्ट में यह साफ कर चुके हैं कि वह इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। बताया जा रहा है कि वह वन टाइम सेटलमेंट के जरिए इस मामले को खत्म करना चाहते हैं। वहीं दूसरी ओर, ज्योति सिंह कई बार यह कह चुकी हैं कि वह अपनी शादी बचाना चाहती हैं और तलाक नहीं चाहतीं।

सोशल मीडिया पोस्ट से दिखी रिश्ते की कड़वाहट

हालांकि, पहले दोनों पक्षों के बीच सुलह की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन ज्योति सिंह के हालिया पोस्ट्स ने यह साफ कर दिया है कि रिश्ते में कड़वाहट अभी भी काफी गहरी है। सोशल मीडिया पर लोग इन पोस्ट्स को उनकी भावनाओं और नाराजगी के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल पवन सिंह की ओर से इन पोस्ट्स या वायरल चर्चाओं पर कोई ऑफिशियल रिएक्शन सामने नहीं आया है।