‘साईं बाबा’ फेम सुधीर दलवी गंभीर सेप्सिस के चलते अस्पताल में भर्ती हुए थे। 19 लाख से ज्यादा के इलाज में अक्षय कुमार, रणबीर कपूर और कार्तिक आर्यन समेत कई लोगों ने मदद की।

टीवी और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सुधीर दलवी की हालत एक बार काफी खराब हो गई थी। ‘शिर्डी के साईं बाबा’ का इलाज अस्पताल में करीब एक महीने तक चला था। जिसकी वजह से बिल 19 लाख रुपए से ज्यादा तक पहुंच गया था। फैमिली को इतनी बड़ी रकम जुटाने में मुश्किल हो रही थी। इस कठिन दौर में बॉलीवुड के कई सितारे सामने आए और मदद का हाथ बढ़ाया था। जिसमें अक्षय कुमार, रणबीर कपूर और कार्तिक आर्यन का नाम शामिल है।

सेप्सिस की वजह से बिगड़ी थी हालत

रिपोर्ट के मुताबिक, सुधीर दलवी को अक्टूबर 2025 में मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें गंभीर सेप्सिस यानी ब्लड इंफेक्शन की समस्या हुई थी। संक्रमण का असर उनके जोड़ों पर भी पड़ा, जिसकी वजह से उनके हाथ-पैरों की मूवमेंट प्रभावित हुई। हालत गंभीर होने के बाद उन्हें आईसीयू में भी रखा गया था। लंबे समय तक अस्पताल में रहने के कारण इलाज का खर्च लगातार बढ़ता गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका मेडिकल बिल 19 लाख रुपये से ज्यादा हो गया था। परिवार के लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना मुश्किल हो रहा था।

इसे भी पढ़ें: 'सती को कायर नहीं कहा था, लेकिन...' जौहर के बयान पर ट्रोल हुई स्वरा भास्कर, हेटर्स को ऐसे कराया चुप

अक्षय, रणबीर और कार्तिक ने की आर्थिक मदद

सुधीर दलवी की पत्नी सुहास दलवी ने हाल ही में उनके स्वास्थ्य और इलाज के दौरान मिली मदद के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जब फिल्म इंडस्ट्री में यह बात सामने आई कि परिवार के लिए अस्पताल का खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है, तो कई लोग आर्थिक मदद के लिए आगे आए। सुहास के मुताबिक, कार्तिक आर्यन, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार मदद करने वाले शुरुआती लोगों में शामिल थे। इनके अलावा फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई अन्य लोगों और साईं बाबा के भक्तों ने भी परिवार की मदद की।

साईं बाबा ट्रस्ट ने भी दी 11 लाख रुपये की मदद

सुधीर दलवी के इलाज के लिए श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट ने भी आर्थिक सहायता की। दिसंबर 2025 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने ट्रस्ट को अभिनेता के इलाज के लिए 11 लाख रुपये की मदद देने की अनुमति दी थी। अच्छी खबर यह है कि सुधीर दलवी अब अस्पताल से घर लौट चुके हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। हालांकि उनकी रिकवरी अभी पूरी नहीं हुई है। पत्नी के मुताबिक, अभिनेता को चलने के लिए अभी भी वॉकर की मदद लेनी पड़ती है और उनका मानसिक स्वास्थ्य भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है।

‘रामायण’ से मिली पहचान

सुधीर दलवी ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में तीन दशक से ज्यादा समय तक काम किया है। उन्हें रामानंद सागर के लोकप्रिय टीवी शो ‘रामायण’ में गुरु वशिष्ठ की भूमिका के लिए भी जाना जाता है। इसके बाद 1977 में आई फिल्म ‘शिर्डी के साईं बाबा’ में साईं बाबा का किरदार निभाकर वह बेहद लोकप्रिय हो गए। उन्होंने ‘चाणक्य’, ‘जय हनुमान’, ‘विष्णु पुराण’, ‘बुनियाद’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ जैसे चर्चित टीवी शोज में भी काम किया है।

और पढ़ें: 'एक्स्ट्रा इंचेज'...करण के सवाल पर ट्विंकल का जवाब सुन शर्मा गए थे अक्षय कुमार, फिर ऐसे संभाला मामला