Salman Khan watch collection truth: सलमान खान ने खुलासा किया है कि करियर की शुरुआत में उन्होंने अपने पिता सलीम खान के लिए लोन लेकर महंगी रोलेक्स घड़ी खरीदी थी। एक्टर ने बताया कि उस समय उनके पास पूरी रकम नहीं थी। सलमान ने यह भी कहा कि उनके पास बड़ी लग्जरी वॉच कलेक्शन नहीं, बल्कि सिर्फ वही एक रोलेक्स है।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान हमेशा से अपने परिवार के बेहद करीब रहे हैं। करोड़ों की स्टारडम हासिल करने के बावजूद वे आज भी मुंबई के गैलेक्सी अपार्टमेंट में अपने माता-पिता के साथ रहते हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में सलमान ने अपने पिता सलीम खान से जुड़ा एक दिलचस्प और इमोशनल किस्सा सुनाया। एक्टर ने बताया कि फिल्मों में कदम रखने के बाद उन्होंने पहली महंगी चीज अपने लिए नहीं, बल्कि पिता के लिए खरीदी थी। सलमान ने खुलासा किया कि उन्होंने उस समय लोन लेकर अपने पिता को रोलेक्स घड़ी गिफ्ट की थी। साथ ही उन्होंने अपने वॉच कलेक्शन को लेकर बात की।

सलमान खान बोले- मेरे पास पैसे नहीं थे, फिर भी पापा के लिए Rolex खरीदी
सलमान खान ने वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा, “मैंने पहली महंगी चीज अपने पिता के लिए रोलेक्स घड़ी खरीदी थी। बाद में जब मैंने दोबारा घड़ियां पहननी शुरू कीं, तो वही घड़ी उन्होंने मुझे पहनने के लिए दे दी।” सलमान ने आगे बताया, “जब मैंने वह घड़ी खरीदी थी, तब मेरे पास पूरे पैसे नहीं थे। मुझे वह पापा के लिए पसंद आ गई थी। उस समय उसकी कीमत करीब 9 लाख रुपए थी। मेरे पास सिर्फ 4 लाख थे, बाकी पैसे मैंने लोन लेकर दिए थे।”
यह भी पढ़ें : Salman Khan मरते-मरते बचे, खुद सुनाई डरावनी कहानी, बोले- डेढ़ मिनट तक अटकी रही सांस
सलमान खान से नाराज हो गए थे पापा सलीम खान
सलमान खान ने बताया कि जब उन्होंने यह महंगी घड़ी अपने पिता को दी, तो शुरुआत में सलीम खान खुश नहीं हुए थे।बकौल सलमान, "पापा ने मुझसे कहा था- तुमने अभी ठीक से काम शुरू भी नहीं किया और इतनी महंगी चीजें खरीदने लगे। क्या तुम खुद को कोई राजा समझते हो?” हालांकि बाद में सलीम खान को वह घड़ी पसंद आने लगी। सलमान ने बताया, “बाद में उन्होंने उसे ज्वेलरी पीस कहा। जब मैंने दोबारा घड़ियां पहननी शुरू कीं, तो उन्होंने वही Rolex मुझे दे दी।”
यह भी पढ़ें : 'मैंने प्यार किया' के लिए भाग्यश्री को क्यों मिली थी सलमान खान से ज्यादा फीस? 37 साल बाद खुला राज
मेरे पास बड़ा वॉच कलेक्शन नहीं है : सलमान खान
सलमान खान ने उन खबरों को भी गलत बताया, जिनमें कहा जाता है कि उनके पास करोड़ों की लग्जरी घड़ियों का कलेक्शन है। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी जिंदगी के 26-28 साल तक घड़ियां पहनना बंद कर दिया था। आज अगर आप मुझे कोई घड़ी पहने देखते हैं, तो जरूरी नहीं कि वह मेरी ही हो। वे मेरे दोस्तों की होती हैं। मैं उन्हें ट्राय करता हूं और फिर वापस कर देता हूं। लोग सोचते हैं कि मेरे पास बहुत बड़ा वॉच कलेक्शन है, लेकिन मेरे पास सिर्फ वही एक Rolex है। बाकी सारी घड़ियां मेरे दोस्तों की हैं।”
