Tiger Shroff Firing Shooters Profiles: टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले तीनों शूटर कोटा से गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इनमें एक मुंबई का रैपिडो ड्राइवर है। तीनों ट्रेन से भाग रहे थे।
Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले तीनों शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने तीनों को राजस्थान के कोटा से पकड़ा। तीनों ट्रेन से भागने की फिराक में थे। जानकारी के मुताबिक, इनमें से एक 22 साल का युवक मुंबई में रैपिडो (Rapido) बाइक चलाता था। जबकि दूसरा घर से वेल्डिंग सीखने के नाम पर निकला था। आइए जानते हैं पुलिस के हत्थे चढ़े ये तीनों शूटर कौन हैं, कहां से हैं, क्या करते हैं और इन्होंने हमले के बाद भागने का क्या प्लान बनाया था...
टाइगर श्रॉफ फायरिंग करने वाले तीनों शूटर क्या करते हैं?
ऋतिक कुमार उर्फ रोशन
ऋतिक कुमार की उम्र 22 साल बताई गई है। वह मूल रूप से बिहार के बेगूसराय जिले के पिपराई का रहने वाला है। फिलहाल मुंबई के अंधेरी वेस्ट में उर्दू स्कूल के पास रहता था। मिली जानकारी के मुताबिक, वह रैपिडो बाइक राइडर के तौर पर काम करता था।
रेहान: हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला
दूसरे शऊटर की पहचान रेहान के रूप में हुई है। उसकी उम्र 18 साल बताई गई है। वह हरियाणा के सोनीपत जिले की ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला है। उसके पिता रिशुद्दीन अंसारी ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उनकी पत्नी करीब 10 साल से उनसे अलग रह रही हैं। रेहान कई साल पहले वेल्डिंग का काम सीखने की बात कहकर घर से गया था।
तीसरा शूटर 17 साल का नाबालिग
तीसरा शूटर 17 साल का है और हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला बताया गया है। नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है। उसके पिता कुम्हार का काम करते हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि फायरिंग की घटना में उसकी क्या भूमिका थी।
टाइगर श्रॉफ की रेकी करने का शक, जांच में जुटी पुलिस
जांच एजेंसियों को शक है कि हमले से पहले टाइगर श्रॉफ की आने-जाने की गतिविधियों पर नजर रखी गई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक्टर रविवार को जुहू के फुटबॉल ग्राउंड जाते थे और हमलावरों ने इसी रूटीन को ध्यान में रखकर हमला करने की योजना बनाई हो सकती है। हालांकि, रेकी किसने की और तीनों संदिग्धों की इसमें क्या भूमिका थी इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
फायरिंग के बाद बाइक छोड़कर ट्रेन से भागे शूटर
पुलिस के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के बाद हमलावर कथित तौर पर मोटरसाइकिल से फरार हुए। उन्होंने मिठीबाई कॉलेज के पास से एसवी रोड का रास्ता लिया और अंधेरी रेलवे स्टेशन के आसपास पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां तीनों अलग-अलग दिशाओं में चले गए। उनकी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास मिली है। इसके बाद संदिग्धों के ट्रेन से बोरीवली की तरफ जाने और महाराष्ट्र से बाहर निकलने की कोशिश करने की जानकारी सामने आई। कोटा पुलिस ने ट्रेन से सफर कर रहे तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने कार्रवाई की पुष्टि की है। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच के सिलसिले में कोटा में मौजूद है।
टाइगर श्रॉप की BMW पर चली थीं सात गोलियां
यह घटना रविवार शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन लोगों ने टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर फायरिंग की थी। बताया गया है कि कुल सात राउंड फायर किए गए। इनमें से पांच गोलियां कार पर लगीं, जबकि दो निशाने से चूक गईं। कार की सामने वाली विंडशील्ड और साइड की खिड़की को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। फॉरेंसिक जांच में कथित तौर पर देसी पिस्तौल के इस्तेमाल की बात सामने आई है। टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आने की जानकारी है। उनके ड्राइवर को भी चोट लगी थी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, पुलिस कर रही जांच
सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है। मुंबई क्राइम ब्रांच राजस्थान और गुजरात में भी जांच कर रही है। पुलिस ये पता लगाने में जुटी है कि हमले की योजना किसने बनाई, संदिग्धों को किसका साथ मिला और फायरिंग के बाद उन्हें भागने में किसने मदद की।








