'वेलकम टू द जंगल' को पहले दिन दर्शकों से पॉजिटिव-मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला। अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग, स्टारकास्ट और नॉस्टैल्जिया की जमकर तारीफ हो रही है।
अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' आखिरकार 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। शुरुआती रिएक्शन में फिल्म को ज्यादातर पॉजिटिव से मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला है। दर्शकों ने इसे कॉमेडी, एक्शन और नॉस्टैल्जिया से भरपूर फैमिली एंटरटेनर बताया है। वहीं कुछ लोगों ने स्क्रीनप्ले, म्यूजिक और विजुअल्स को फिल्म की कमजोर कड़ी भी माना। ट्रेड एक्सपर्ट्स की शुरुआती राय भी सामने आ चुकी है, जिसमें फिल्म को मसाला एंटरटेनर बताया गया है।

तरण आदर्श ने दिए 3.5 स्टार, बोले- लॉजिक नहीं, सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए देखें
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने फिल्म को 5 में से 3.5 स्टार दिए। उन्होंने लिखा, "वन वर्ड रिव्यू... 'वेलकम टू द जंगल': मनोरंजक। रेटिंग: ⭐⭐⭐½. 1980 के दशक की मसाला फिल्मों जैसा मनोरंजन देखने के लिए तैयार हो जाइए। फिल्म का फोकस लॉजिक या तर्क नहीं, बल्कि मस्ती, हंसी, नॉस्टैल्जिया और बड़े पैमाने के मनोरंजन पर है। कई जोक्स शानदार तरीके से काम करते हैं, हालांकि इंटरवल के बाद का हिस्सा थोड़ा लंबा महसूस होता है।"
यह भी पढ़ें : 'वेलकम टू द जंगल' के पेड प्रीव्यू ने तय किया फिल्म का फ्यूचर! अक्षय कुमार की मूवी ने की इतनी कमाई
जोगिंदर टुटेजा बोले- हर 10 मिनट में मिलता है नया एंटरटेनमेंट
फिल्म समीक्षक जोगिंदर टुटेजा ने लिखा, "'वेलकम टू द जंगल' एक नॉन-स्टॉप एक्शन कॉमेडी है, जो तेज रफ्तार से आगे बढ़ती है। रेटिंग: 🤣🤣🤣🤣½। अगर मनमोहन देसाई ने 'शोले' और 'अमर अकबर एंथनी' को मिलाकर फिल्म बनाई होती, तो शायद वह 'वेलकम टू द जंगल' जैसी होती। जैसा कि वह कहा करते थे कि कमर्शियल फिल्म में हर 10 मिनट पर एक हाईलाइट सीन होना चाहिए। यहां भी कॉमेडी, एक्शन और म्यूजिक लगातार दर्शकों का मनोरंजन करते रहते हैं, जिससे बोरियत का मौका नहीं मिलता।"
अक्षय, परेश और राजपाल की तिकड़ी ने जीता दिल
एक यूजर ने लिखा, "'वेलकम टू द जंगल' में अक्षय कुमार, परेश रावल और राजपाल यादव साथ हों तो हंसी की गारंटी तय है। परेश रावल और राजपाल यादव की केमिस्ट्री पहले भी कई यादगार कॉमेडी फिल्मों में देखने को मिली है। अक्षय कुमार के जुड़ते ही कॉमेडी का स्तर और ऊपर पहुंच जाता है। इस फिल्म में अक्षय का 'फ्लॉप एक्टर' वाला किरदार बेहद मजेदार है। परेश रावल अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग से फिर छा जाते हैं, जबकि राजपाल यादव अपने एक्सप्रेशंस से कई सीन चुरा ले जाते हैं। अगर पूरी फिल्म इसी एनर्जी को बनाए रखती है तो दर्शक शुरू से आखिर तक हंसते रहेंगे।"
यह भी पढ़ें : 32 सितारों की फौज, हंसी का तूफान...जानिए क्यों देखें अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल'?
'सेकेंड हाफ शानदार, पैसा वसूल फैमिली एंटरटेनर'
एक अन्य दर्शक ने फिल्म को 'सुपर एंटरटेनिंग' बताते हुए लिखा, "फर्स्ट हाफ अच्छा है, लेकिन सेकेंड हाफ और भी शानदार है। अक्षय कुमार बेहतरीन लगे हैं। बाकी कलाकारों ने भी शानदार काम किया है। कॉमेडी और एक्शन से भरपूर यह पूरी तरह फैमिली एंटरटेनर है। यह पूरी तरह पैसा वसूल फिल्म है, इसे मिस मत कीजिए।"
'लॉजिक मत ढूंढिए, मुस्कुराते हुए थिएटर से निकलेंगे'
एक यूजर ने लिखा, "यह एक साफ-सुथरी फैमिली एंटरटेनर फिल्म है। यहां महिलाओं को सिर्फ ग्लैमर के लिए इस्तेमाल नहीं किया गया और न ही डबल मीनिंग जोक्स की भरमार है। इस तरह की फिल्म में लॉजिक की उम्मीद मत कीजिए। सभी कलाकार दर्शकों को हंसाने की पूरी कोशिश करते हैं। अक्षय कुमार पूरे मजे में नजर आते हैं। फरीदा जलाल बेहद मजेदार लगी हैं। सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, परेश रावल, राजपाल यादव और जॉनी लीवर अपने किरदारों में शानदार हैं। विजुअल्स और म्यूजिक बेहतर हो सकते थे, लेकिन इसके बावजूद फिल्म आपको मुस्कुराते हुए थिएटर से बाहर भेजती है।"

'अक्षय फिल्म की जान, लेकिन कुछ किरदार निराश करते हैं'
एक अन्य दर्शक ने लिखा, "अक्षय कुमार इस फिल्म की जान हैं। उनकी और सुनील शेट्टी की जोड़ी 'हेरा फेरी' की याद दिलाती है। दिशा पाटनी सबसे ज्यादा प्रभावित करती हैं, जबकि रवीना टंडन और अक्षय कुमार की जोड़ी नॉस्टैल्जिया का एहसास कराती है। हालांकि उर्वशी रौतेला और जैकलीन फर्नांडिस के किरदार कमजोर और बोरिंग लगे। ट्रेलर और गाने जितने कमजोर थे, फिल्म उतनी खराब नहीं निकली। अक्षय और सुनील ने फिल्म संभाल ली।"

फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
सेंसर बोर्ड ने फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक रिलीज से पहले फिल्म में 18 बदलाव किए गए। कुछ डायलॉग और सीन हटाए गए, जबकि फिल्म की कुल अवधि 2 घंटे 44 मिनट 50 सेकेंड (164.50 मिनट) रखी गई है। अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' लोकप्रिय 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इस बार कहानी शहरों की बजाय जंगल की पृष्ठभूमि में दिखाई गई है, जहां एक फर्जी फिल्म प्रोजेक्ट के इर्द-गिर्द घटनाएं घटती हैं। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, राजपाल यादव, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
