- Home
- States
- Bihar
- ये हैं बिहार विधानसभा के 10 सबसे ज्यादा अमीर प्रत्याशी, टॉप पर बीके सिंह, किस पार्टी ने दिया है टिकट?
ये हैं बिहार विधानसभा के 10 सबसे ज्यादा अमीर प्रत्याशी, टॉप पर बीके सिंह, किस पार्टी ने दिया है टिकट?
पटना (Bihar) । बिहार विधानसभा चुनाव की 248 सीटों पर तीन चरण में चुनाव हो रहा है। 3733 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने 3722 उम्मीदवारों का विश्लेषण किया है। रिपोर्ट के अनुसार, पांच करोड़ या उससे अधिक की संपत्ति वाले उम्मीदवारों का प्रतिशत आठ है। दो करोड़ से पांच करोड़ की संपत्ति वाले प्रत्याशियों का प्रतिशत 12 है। 50 लाख से दो करोड़ धन वाले उम्मीदवार 28 फीसदी हैं। वहीं, 10 लाख से पचास लाख की धनराशि वाले उम्मीदवार 31 फीसदी हैं। जबकि 10 लाख से कम संपत्ति वाले उम्मीदवार 21 फीसदी हैं। आज हम आपको बिहार चुनाव के टॉप टेन अमीर प्रत्याशियों और उन दल के बारे में बता रहे हैं, जो उन्हें टिकट दिए हैं।

पहले दल वार बात करें तो बीजेपी में करोड़पति उम्मीदवारों के प्रतिशत में 19 फीसदी का इजाफा हुआ है, वहीं जनता दल यूनाइटेड में नौ फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इतना ही आठ फीसदी उम्मीदवार ही ऐसे हैं, जिनकी आय पांच करोड़ या उससे ऊपर है।
अब बात करते हैं टॉप टेन अमीर प्रत्याशी की तो सबसे ऊपर बीके सिंह का नाम हैं, जो समस्तीपुर जिले के वारिसनगर निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पास कुल संपत्ति 85.89 करोड़ रुपए है। जिसमें चल संपत्ति 1.64 तो अचल संपत्ति 84.25 करोड़ रुपए की है।
दूसरे नंबर पर बाहुबली विधायक अनंत कुमार सिंह का नाम हैं। उनके पास 68.56 करोड़ से अधिक की है। इसमें चल संपत्ति 18.49 तो अचल संपत्ति 50 करोड़ से अधिक की है। बता दें कि जेल में बंद अनंत सिंह आरजेडी के टिकट पर के मोकामा से चुनाव लड़ रहे हैं।
तीसरे नंबर पर बरभीगा से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के गजानंद शाही है। उनके पास कुल संपत्ति 61.23 करोड़ रुपए है। जिसमें चल संपत्ति 97.50 लाख तो अचल संपत्ति 60.26 करोड़ रुपए है।
वैशाली से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी संजीव सिंह इस मामले में चौथे स्थान पर हैं। जिनके पास 56.62 करोड़ की संपत्ति है। इसमें चल संपत्ति 2.92 करोड़ और अचल संपत्ति 53.70 करोड़ शामिल है। बता दें कि वो कांग्रेस के राज्य आईटी सेल के अध्यक्ष हैं।
अतरी से पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही जेडीयू प्रत्याशी मनोरमा देवी ने अपने हलफनामे में अपनी संपत्ति 50.62 करोड़ रुपए की बताई है। इसमें 5.62 करोड़ की चल संपत्ति और 45 करोड़ की अचल संपत्ति भी शामिल है।
राजेंद्र कुमार कुमार वर्मा गया जिले के वजीरपुर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पास 50.17 करोड़ की कुल संपत्ति हैं। इसमें चल संपत्ति 2 लाख तो अचल संपत्ति 50.15 करोड़ रुपए की है।
हाजीपुर विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार देव कुमार चौरसिया की पुरानी पहचान जनता दल यूनाइटेड के नेता के रूप में रही है। वह जदयू के प्रदेश महासचिव भी थे लेकिन करीब एक साल पहले उन्होंने जदयू से रिश्ता तोड़ कर राजद ज्वाइन कर लिया था और अब चुनाव मैदान में हैं. देव कुमार ने अपनी कुल सम्पत्ति 49.3 करोड़ रुपये घोषित की है।
जयवर्धन यादव उर्फ बच्चा यादव पटना जिले के पालीगंज से जनता दल यूनाइटेड के प्रत्याशी हैं। इनके पास 49.32 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। इसमें चल संपत्ति 4.20 करोड़ तो अचल संपत्ति42.49 करोड़ से अधिक है।
अनुनय सिन्हा मुजफ्फरपुर जिले में पारु विधानसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार है। इनके पास कुल सम्पत्ति 46.42 करोड़ रुपए की संपत्ति है। इसमें चल संपत्ति 1.86 तो अचल संपत्ति 44.55 करोड़ रुपए से अधिक है।
ओम प्रकाश चौधरी पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से आरजेडी के प्रत्याशी हैं, जिनके पास 45.37 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। इसमें चल संपत्ति 87 लाख तो अचल संपत्ति 44.50 करोड़ रुपए की है।
बिहार की राजनीति, सरकारी योजनाएं, रेलवे अपडेट्स, शिक्षा-रोजगार अवसर और सामाजिक मुद्दों की ताज़ा खबरें पाएं। पटना, गया, भागलपुर सहित हर जिले की रिपोर्ट्स के लिए Bihar News in Hindi सेक्शन देखें — तेज़ और सटीक खबरें Asianet News Hindi पर।