Anant Singh Daughter Wedding : मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह की बेटी शिवांगी की शादी को यादगार बनाने के लिए शाही तैयारियां की जा रही हैं। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा पकवानों का इंतजाम किया जा रहा है।

पटना. मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत कुमार सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों खूब चर्चा में है। शादी को यादगार बनाने के लिए ऐसी तैयारियां की जा रही हैं, जिनमें शाही अंदाज से लेकर ऐतिहासिक इमारतों की झलक तक देखने को मिलेगी। 10 बीघे में बन रहा विशाल पंडाल, 4 लाख मेहमानों के आने का अनुमान और 150 से ज्यादा पकवान इस आयोजन को खास बना रहे हैं।

ताजमहल और लाल किले की तर्ज पर बनेंगे पंडाल

  • शिवांगी की शादी के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर करीब 10 बीघे में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसका मुख्य आकर्षण ताजमहल की तर्ज पर बनाया जा रहा मेन पंडाल होगा। वहीं, दूसरे पंडाल को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले जैसा रूप दिया जा रहा है।
  • शादी में करीब 4 लाख मेहमानों के पहुंचने का अनुमान है। इतने बड़े आयोजन को देखते हुए मेहमानों के स्वागत और सुविधाओं के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। वीआईपी मेहमानों के लिए 6 से ज्यादा हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें आने-जाने में परेशानी न हो।

बिहारी जायके से लेकर शाही पकवान तक

  • इस शादी का सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला हिस्सा इसका मेन्यू है। मेहमानों के लिए 150 से अधिक तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इसमें बिहार के पारंपरिक स्वाद के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों के मशहूर पकवान भी शामिल होंगे।
  • बिहारी खाने में लिट्टी-चोखा, देसी घी का मालपुआ, बालूशाही, खाजा और रसगुल्ला परोसा जाएगा। वहीं, शाही कोफ्ता, पनीर की कई तरह की सब्जियां, दाल मखनी और कश्मीरी पुलाव भी मेन्यू का हिस्सा होंगे। रोटी में तंदूरी रोटी और नान के साथ मौसमी सब्जियों की व्यवस्था रहेगी।

चाट से डोसा और पास्ता तक के लाइव काउंटर

  • मेहमानों के लिए सिर्फ पारंपरिक खाना ही नहीं, बल्कि फास्ट फूड और स्ट्रीट फूड के भी कई विकल्प रखे जाएंगे। चाट, गोलगप्पे और टिक्की के अलावा डोसा, चाउमीन और पास्ता के काउंटर लगाए जाएंगे।
  • खास बात यह है कि कई काउंटरों पर कारीगर मेहमानों के सामने ही ताजा व्यंजन तैयार करेंगे। मिठाई में कुल्फी समेत कई तरह की मिठाइयां परोसी जाएंगी। इस तरह शिवांगी की शादी में बिहार के पारंपरिक स्वाद से लेकर शाही और आधुनिक व्यंजनों तक का पूरा इंतजाम किया जा रहा है।