- Home
- National News
- लॉकडाउन 4.0 में बदलेगा देश का रंग-रूप; कहीं मिलेगी बड़ी छूट, कहीं हो सकती है और ज्यादा सख्ती
लॉकडाउन 4.0 में बदलेगा देश का रंग-रूप; कहीं मिलेगी बड़ी छूट, कहीं हो सकती है और ज्यादा सख्ती
नई दिल्ली. कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। जिसके बाद देश में लॉकडाउन 4.0 की तैयारी तेज हो गई है। जिसका आज ऐलान भी किया जा सकता है। गौरतलब है कि देश में जारी लॉकडाउन 3.0 की मियाद आज यानी 17 मई को पूरी हो रही है। इससे पहले 12 मई को देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था लॉकडाउन का चौथा चरण नए रूप और नए रंग वाला होगा। जानकारी के मुताबिक 31 मई तक लॉकडाउन की सीमा बढ़ाई जा सकती है। इस दौरान पहले से ज्यादा छूट भी दी जाएंगी।

लॉकडाउन के चौथे चरण में ऑटो, बस और कैब सर्विस को इजाजत मिल सकती है। हालांकि, कटेनमेंट जोन में इन पर पाबंदी जारी रहेगी। वहीं, रेड जोन को फिर परिभाषित किया जाएगा।
अब तक जहां ऑफिस और फैक्ट्रियों में 33 फीसदी कर्मचारियों को ही काम करने की इजाजत थी, इसे बढ़ाकर 50 फीसदी किया जा सकता है।
नए लॉकडाउन यानी चौथे हिस्से में स्कूल, कॉलेज, मॉल और मूवी थियेटर को सभी इलाकों में पहले की तरह ही बंद रखा जा सकता है।
शॉपिंग मॉल्स में कुछ दुकानों, रेस्तराओं को खोलने की इजाजत दी जा सकती है लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का पालन जरूरी होगा। ई-कॉमर्स वेबसाइट को गैर जरूरी सामानों की सप्लाई करने की अनुमति मिल सकती है।
कंटेनमेंट जोन्स में और ज्यादा सख्ती हो सकती है। किस जोन में किन गतिविधियों की इजाजत रहे, इसे तय करने का अधिकार राज्यों को मिल सकता है।
लॉकडाउन 4 में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मेट्रो सेवाओं को शुरू किया जा सकता है। इसके लिए मेट्रो ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट को शर्तों के साथ इजाजत संभव। ऑटो रिक्शा और कैब एग्रीगेटरों को शर्तों के साथ इजाजत दी जा सकती है। उन्हें अधिकतम 2 यात्रियों को बैठाने की अनुमति दी जा सकती है।
घरेलू उड़ानों को भी मंजूरी दी जा सकती है बशर्ते कि जहां से फ्लाइट जानी हो और जिस जगह पर उसे पहुंचनी है, वे दोनों संबंधित राज्य इसके लिए राजी हों। केंद्र तो सभी घरेलू उड़ानों को शुरू करना चाहता है लेकिन कई राज्य इसके विरोध में हैं।
सैलून, नाई की दुकान और स्पा सेंटर को रेड जोन में सावधानी के साथ खोला जा सकता है। हालांकि कटेंनमेंट इलाके में यह बंद रहेगा। इसके अलावा ग्रीन जोन और ऑरेंज जोन में भी खोलने की इजाजत दी जा सकती है।
शनिवार दोपहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह, गृह सचिव और पीएमओ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लॉकडाउन-4 के दिशा-निर्देंशों पर 2 घंटे से ज्यादा देर तक बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्रियों की तरफ से आए सुझावों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में लॉकडाउन-4 का मसौदा फाइनल हुआ। शुक्रवार देर रात तक अमित शाह के नेतृत्व में गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों से मिले सुझावों पर विचार के बाद दिशा निर्देशों का खाका तैयार किया था, जिसपर पीएम के साथ शनिवार की बैठक में चर्चा हुई।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.