कौन है ये शक्तिशाली महिला? जिसे किम जोंग के बाद उ. कोरिया का अगला तानाशाह कहा जा रहा
प्योंगयांग. दुनियाभर में कोरोना के कहर के बीच उत्तर कोरिया से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन गंभीर रूप से बीमार हैं। वे जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। उनका कार्डियोवस्कलर प्रॉब्लम की वजह से इलाज चल रहा था। लेकिन किम जोंग की सर्जरी सफल न होने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई है। वे पिछले दिनों से सार्वजनिक जगहों पर नजर भी नहीं आ रहे हैं। किम की गंभीर हालत को दखते हुए यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि उनके बाद उत्तर कोरिया की कमान कौन संभालेगा। ऐसे में उनकी बहन किम यो जोंग का नाम सबसे आगे है...आईए जानते हैं कि कौन हैं किम यो जोंग

किम जोंग की खराब हालत का संकेत उस वक्त मिल गया था, जब वे 15 अप्रैल को अपने दादा किम द्वितीय सुंग के एक कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हुए थे। इसी के बाद उनकी तबीयत को लेकर कयास लगने शुरू हो गए थे।
पिछले दिनों किम जोंग की बहन को निर्णय लेने वाली मुख्य एजेंसी में नियुक्त किया गया था। इसके बाद से ही किम यो जोंग के उत्तर कोरिया में नंबर 2 होने का अंदाजा लग गया था। इसके बाद किम यो जोंग का देश में कद बढ़ गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, किम यो जोंग अपने भाई किम जोंग की काफी लंबे वक्त तक करीबी सलाहकार रहीं। उन्हें शनिवार को एक बार फिर केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो का सदस्य चुना गया है।
बहन को नियुक्त करने का फैसला किम जोंग की अध्यक्षता वाली बैठक में लिया था। हालांकि, इससे पहले किम यो जोंग को उस वक्त पद से हटा दिया गया था, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और किम जोंग की हनोई में हुई शिखर वार्ता नाकाम हुई थी।
लेकिन अब जब दोबारा उन्हें नियुक्त किया गया तो जानकारों का मानना है कि यह उनके कद को बढ़ा हुआ बताता है। साथ ही बीमार किम जोंग भी अपनी बहन पर भरोसा जता रहे हैं।
ऐसा नहीं है कि किम यो जोंग पहली बार चर्चा में आईं हों। इससे पहले उन्होंने 2018 में विंटर ओलंपिक में अपने भाई की जगह उत्तर कोरिया का नेतृत्व किया था। इसके बाद से उनका कद उनकी पार्टी में और बढ़ गया था।
बताया जाता है कि किम जोंग की जो छवि आज उनके देश में या दूसरे देशों में है, उसके पीछे उनकी बहन किम यो जोंग का ही दिमाग है।
इतना ही नहीं किम जोंग भी अपनी बहन पर पूरा भरोसा करते हैं।
किम जोंग को काफी सनकी माना जाता है। उन्होंने राजद्रोह के आरोप में अपने चाचा को फांसी पर लटकवा दिया था।
पिछले दिनों उत्तर कोरिया ने लाइव फायर मिलिट्री का अभ्यास किया था। इसका दक्षिण कोरिया ने विरोध किया था। इस पर किम यो जोंग ने काफी सख्त बयान दिया था। उन्होंने कहा था, डरे हुए कुत्ते भौंक रहे हैं।
इससे पहले किम यो जोंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था, उम्मीद है कि उत्तर कोरिया और अमेरिका के बीच संबंध अच्छे होंगे।
उत्तर कोरिया मामलों के जानकार लिओनिड पेट्रोव बताते हैं कि सीमित अधिकारों वाले देश में किम यो जोंग की अपने भाई तक सीधी पहुंच है। वहीं, किम जोंग पर भी अपनी बहन का प्रभाव है।
किम यो जोंग अपने भाई की वफादार मानी जाती हैं। विदेशियों और द कोरिया से डील भी वही करती हैं। किम यो जोंग अपने भाई की छवि को सकारात्मक तौर पर पेश करने में भी जुटी रहती हैं।
किम यो जोंग 31 साल की हैं। वे अपने पिता किम जोंग इल की सबसे छोटी संतान हैं। किम जोंग उन और किम यो जोंग में बचपन से ही काफी करीबी संबंध रहा।
अगर किम जोंग को कुछ होता है तो उनकी जगह पर किम यो जोंग या किम जोंग उन के बेटे को सत्ता दी जा सकती है।
अमेरिकी अफसरों ने दावा किया है कि किम जोंग उन की जान को खतरा है। सीएनएन के मुताबिक किम जोंग की तबीयत पिछले कई महीने से खराब चल रही थी।
किम जोंग उन बहुत ज्यादा स्मोकिंग करते हैं और उन्हें मोटापे की भी बीमारी है। किम जोंग उन को 11 अप्रैल को अंतिम बार देखा गया था।
इससे पहले 2008 में उत्तर कोरिया की 60वीं सालगिरह के दौरान किम जोंग के पिता किम जोंग इल के बीमार होने की खबरें आई थीं। इसके बाद खुलासा हुआ कि उन्हें स्ट्रोक आया था। हालांकि, बाद में उनकी तबीयत और खराब होती चली गई।
किम जोंग इल की 2011 में मौत हो गई। 2014 में किम जोंग भी एक महीने तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहे थे। उस वक्त यह सामने आया था कि उनका एड़ी का ऑपरेशन हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति, ग्लोबल इकोनॉमी, सुरक्षा मुद्दों, टेक प्रगति और विश्व घटनाओं की गहराई से कवरेज पढ़ें। वैश्विक संबंधों, अंतरराष्ट्रीय बाजार और बड़ी अंतरराष्ट्रीय बैठकों की ताज़ा रिपोर्ट्स के लिए World News in Hindi सेक्शन देखें — दुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले और सही तरीके से, सिर्फ Asianet News Hindi पर।