Spam Calls क्यों आती हैं और आपका मोबाइल नंबर स्कैमर्स तक कैसे पहुंचता है? जानिए टेली मार्केटिंग, डेटा लीक, ऑटो डाइलर और फोन स्पैम से बचने के सुरक्षित और आसान तरीकों के बारे में।

Spam Call Protection: अगर आपके फोन पर हर दिन लोन, क्रेडिट कार्ड, इंश्योरेंस या किसी अनजान ऑफर की कॉल आती है, तो आप अकेले नहीं हैं। इन्हें स्पैम कॉल (Spam Calls) कहते हैं। कुछ कॉल सिर्फ मार्केटिंग के लिए होती हैं, जबकि कुछ कॉल लोगों को ठगने के इरादे से होती है। ऐसे में सवाल यह है स्पैम कॉल आती क्यों हैं? हमारा नंबर इन लोगों तक कैसे पहुंच जाता है? आइए जानते हैं।

स्पैम कॉल क्या होती है?

स्पैम कॉल वह कॉल होती है जो आपकी इच्छा के बिना किसी कंपनी, टेलीमार्केटिंग एजेंसी या ठग (Scammer) की ओर से की जाती है। इनका मकसद अलग-अलग हो सकता है।

  • किसी प्रोडक्ट या सर्विस का प्रचार करना
  • लोन, क्रेडिट कार्ड या इन्वेस्ट का ऑफर देना
  • OTP-बैंक डिटेल या UPI जानकारी लेकर फ्रॉड करना
  • फर्जी इनाम या सरकारी स्कीम का झांसा देना

स्पैम कॉल क्यों आती हैं?

1. आपका मोबाइल नंबर कई जगह रजिस्टर होता है

जब आप किसी वेबसाइट, ऐप, ऑनलाइन शॉपिंग, बैंक, होटल, लकी ड्रॉ या किसी फॉर्म में अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर करते हैं, तो कई बार यह डेटा मार्केटिंग कंपनियों तक पहुंच जाता है। कुछ मामलों में डेटा लीक होने या गलत तरीके से बेचे जाने की वजह से नंबर गलत हाथों में पहुंच जाता है। अगर आपने किसी ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट पर अपना नंबर दिया और बाद में उसी नंबर पर कई कंपनियों के प्रमोशनल कॉल आने लगे, तो पॉसिबल है , आपका नंबर मार्केटिंग डेटाबेस का पार्ट बन गया हो।

2. टेलीमार्केटिंग कंपनियां

कई कंपनियां अपने प्रोडक्ट बेचने के लिए बड़े पैमाने पर कॉल सेंटर का यूज करती हैं। वे लाखों नंबरों पर एक साथ कॉल करती हैं और उम्मीद करती हैं, कुछ लोग उनकी सर्विस खरीद लेंगे।

ये भी पढ़ें- शेयर मार्केट क्यों गिरता है?

3. साइबर क्रिमिनल्स का जाल

कुछ स्पैम कॉल डायरेक्ट साइबर ठगों की ओर से आती हैं। वे बैंक अधिकारी, पुलिस, कूरियर कंपनी, सीबीआई अधिकारी, कस्टम अधिकारी या सरकारी एजेंसी बनकर लोगों से OTP, PIN, UPI या बैंक अकाउंट की डिटेल मांगते हैं। सरकार कहती है, कोई भी बैंक या सरकारी संस्था फोन पर OTP या पासवर्ड नहीं मांगती।

ये भी पढ़ें- माइक्रोवेव में खाना गर्म करना सेफ है?

4. ऑटो-डायलर टेक्निक

आजकल कई कंपनियां और स्कैमर्स Auto Dialer Software का यूज करते हैं। यह टेक्निक कुछ ही मिनटों में हजारों नंबरों पर अपने-आप कॉल कर सकती है। इसी वजह से स्पैम कॉल इतनी तेजी से बढ़ी हैं।

5. आपका नंबर एक्टिव है या नहीं, इसकी जांच

कुछ स्कैमर्स रैंडम नंबरों पर कॉल करते हैं। अगर आप कॉल उठाते हैं, तो उन्हें पता चल जाता है नंबर एक्टिव है। इसके बाद उस नंबर पर और ज्यादा कॉल या मैसेज आने लगते हैं।

स्पैम कॉल से कैसे बचें?

1. अनजान नंबर पर अलर्ट रहें

अगर नंबर संदिग्ध लगे, तो पहले उसकी पहचान जांचें। जरूरत न हो तो कॉल रिसीव न करें।

2. OTP और बैंक डिटेल कभी शेयर ना करें

फोन पर कोई भी शख्स चाहे खुद को बैंक अधिकारी बताए, OTP, ATM PIN, CVV या UPI PIN कभी न शेयर करें।

3. DND (Do Not Disturb) सर्विस का यूज करें

भारत में टेलीकॉम कंपनियां DND सर्विस देती हैं। इसे चालू करने से कई प्रमोशनल कॉल और SMS कम हो सकते हैं, हालांकि सभी धोखाधड़ी वाली कॉल इससे नहीं रुकतीं।

4. स्पैम नंबर ब्लॉक करें

फोन में उपलब्ध Block और Report Spam फीचर का यूज करें। इससे फ्यूचर में उसी नंबर से कॉल आना कम हो जाता है।

5. ऐप डाउनलोड करते समय अलर्ट रहें

किसी भी ऐप को बिना जरूरत अपने कॉन्टैक्ट या फोन की अनुमति (Permission) ना दें।

कॉन्टेन्ट सोर्सः Telecom Regulatory Authority of India (TRAI), Department of Telecommunications (DoT), India