गुरुग्राम की फ़ूड क्रिएटर प्रिया अपने पति से स्पेशल खाना बनाने के लिए ₹1000 चार्ज करती हैं। यह मज़ाक में शुरू हुआ था, लेकिन अब यह घर के काम में लगने वाली मेहनत को सम्मान देने का एक तरीका बन गया है। इन पैसों को वे अपने भविष्य के फ़ूड बिज़नेस के लिए बचा रही हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने हजारों लोगों का ध्यान खींचा है और एक नई बहस शुरू कर दी है. गुरुग्राम में रहने वाली फ़ूड कंटेंट क्रिएटर प्रिया ने बताया है कि वो अपने पति के लिए जब भी कोई खास, कैफे-स्टाइल खाना बनाती हैं, तो उसके लिए 1000 रुपये चार्ज करती हैं. पहली बार में यह सुनने में अजीब लग सकता है, लेकिन प्रिया का कहना है कि इसके पीछे का इरादा पैसा कमाना नहीं, बल्कि घर के काम में लगने वाली मेहनत को सम्मान देना है.
मजाक-मजाक में शुरू हुई थी ये डील!
प्रिया ने बताया कि शादी के बाद जब वो अपने पति से घर की जिम्मेदारियों पर बात कर रही थीं, तो उन्होंने मजाक में कहा, "अगर मैं कैफे जैसा खाना बनाऊंगी, तो उसकी भी कोई वैल्यू होनी चाहिए." उनके पति ने इस बात को गंभीरता से लिया और हर स्पेशल डिश के लिए 1000 रुपये देना शुरू कर दिया. जो बात मजाक में शुरू हुई थी, वो आज उनके घर का एक खास रिवाज बन गई है.
'यह खाने की कीमत नहीं, मेहनत का सम्मान है'
प्रिया साफ करती हैं कि इन पैसों का मकसद पति-पत्नी के बीच हिसाब-किताब करना नहीं है. यह सिर्फ खाना बनाने में लगने वाले समय, प्लानिंग, सामान चुनने और मेहनत को पहचानने का एक तरीका है. उनका मानना है कि परिवार में महिलाएं कई ऐसे काम करती हैं, जिनकी कोई आर्थिक कीमत नहीं समझी जाती. यह रिवाज उस "अनदेखी मेहनत" को सम्मान देने की एक कोशिश है.
फैशन डिजाइनर से फ़ूड क्रिएटर तक का सफर
मूल रूप से चंडीगढ़ की रहने वाली प्रिया ने फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में पांच साल तक अपना बिजनेस चलाया. इसके बाद उन्होंने फ़ूड कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में कदम रखा. वो हेल्दी और क्रिएटिव रेसिपी शेयर करके अपनी पहचान बना रही हैं. उनके पति एक आर्किटेक्ट हैं और दोनों अपने-अपने प्रोफेशन में एक्टिव हैं.
इन पैसों का क्या होता है?
प्रिया इस तरह से हर महीने लगभग ₹15,000 से ₹20,000 तक जमा कर लेती हैं. लेकिन वो इन पैसों को अपने निजी खर्चों के लिए इस्तेमाल नहीं करतीं. बल्कि, वो भविष्य में शुरू होने वाले अपने फ़ूड बिजनेस के लिए इन पैसों को बचा रही हैं. इस तरह, यह पैसा भी परिवार के भविष्य के लिए एक निवेश बन जाता है.
ट्रोल करने वालों को मिला करारा जवाब
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने आलोचना करते हुए कहा, "क्या आपने प्यार की भी कीमत लगा दी?" लेकिन कई महिलाओं ने प्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि घर के काम को भी सम्मान मिलना चाहिए. प्रिया का कहना है कि उनका इरादा कोई सामाजिक आंदोलन शुरू करना नहीं है. उन्होंने सिर्फ अपने परिवार का एक छोटा सा रिवाज शेयर किया है जो उन दोनों के लिए सही है. लेकिन इस वीडियो ने घर के काम के मूल्य, रिश्तों में आपसी सम्मान और मेहनत की पहचान जैसे मुद्दों पर एक बड़ी बहस को जन्म दे दिया है.
