Missi Roti Recipe: घर पर बिना तंदूर तवे पर बनाएं स्वादिष्ट मिस्सी रोटी। जानें बेसन-आटे का सही अनुपात, आसान रेसिपी और रोटी को नरम बनाने के टिप्स।

शादी-ब्याह में नॉन के अलावा मिस्सी रोटी भी खूब पसंद की जाती है। दाल, पनीर और कोफ्ते संग इसका टेस्ट दोगुना हो जाता है। बेसन और गेहूं के आटे से बनने वाली यह रोटी नॉर्मल फुल्कों से थोड़ा अलग होती है। इसमें मसालों और हल्की सिकाईं का मिश्रण लाजवाब स्वाद देता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि मिस्सी रोटी बनाने के लिए तंदूर की आवश्यकता होती है लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आप इसे आसानी से घर पर भी बना सकती हैं, जरूरत होगी तो कुछ टिप्स की, जो आपको बिना ज्यादा मेहनत के घर पर ही शानदार टेस्ट देंगे।

मिस्सी रोटी बनाने के लिए सामग्री

  • गेहूं का आटा 1 कप
  • 1 कप बेसन
  • 1 छोटा बारीक कटा हुआ प्याज
  • 1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
  • आधा छोटा चम्मच अजवाइन
  • आधा छोटा चम्मच जीरा
  • 1\4 चम्मच हल्दी
  • स्वादानुसार नमक
  • 2 बड़े चम्मच हर धनिया
  • 2 बड़े चम्मच दही
  • 1-2 चम्मच घी
  • पानी
  • रोटी सेंकने के लिए घी

तवे पर मिस्सी रोटी बनाने का आसान तरीका

1) आटा तैयार करें

एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और बेसन डालें। इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन और जीरा मिलाएं। अब बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।

2) नरम आटा गूंथ लें

मिश्रण में थोड़ा तेल या घी और चाहें तो दही डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथें। ध्यान रखें कि आटा सामान्य गेहूं की रोटी के आटे से थोड़ा सख्त हो सकता है, लेकिन इतना भी सख्त न हो कि रोटी बेलते समय टूटने लगे। आटे को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें। इससे आटा सेट हो जाएगा और रोटी बनाना आसान होगा।

3) रोटी बेलें

आटे की मध्यम आकार की लोई बना लें। सूखे आटे की मदद से इसे गोल या हल्का मोटा बेलें। मिस्सी रोटी को बहुत पतला बेलने से बचें, क्योंकि ऐसा करने पर यह जल्दी सूख सकती है। अगर आटा बेलते समय किनारों से फटता है, तो उसे हाथ से हल्का दबाकर ठीक कर लें।

4) तवे पर रोटी सेंकें

तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें और उस पर बेली हुई रोटी डालें। जब नीचे की तरफ हल्के भूरे निशान दिखने लगें, तो रोटी को पलट दें। दूसरी तरफ भी कुछ देर सेंकें। अब दोनों तरफ थोड़ा घी या तेल लगाएं और रोटी को पलट-पलटकर अच्छी तरह सेंक लें। किनारों को स्पैचुला से हल्का दबा सकते हैं, ताकि रोटी अंदर तक पक जाए। ध्यान रखें कि आंच बहुत तेज न हो, वरना रोटी बाहर से जल्दी भूरी हो जाएगी और अंदर से कच्ची रह सकती है।

5) गरमागरम मिस्सी रोटी परोसें

जब रोटी पर सुनहरे-भूरे निशान आ जाएं और वह अच्छी तरह पक जाए, तो इसे तवे से उतार लें। ऊपर से थोड़ा घी लगाकर गरमागरम परोसें। इसे दाल मखनी, कढ़ी, पनीर की सब्जी, दही या हरी चटनी के साथ खा सकते हैं।

मिस्सी रोटी को सॉफ्ट बनाने के टिप्स

  • बेसन और गेहूं की मात्रा सही रखें
  • आटा ज्यादा सख्त न गूंथे
  • मीडियम फ्लेम पर सेंकें
  • दही मिलाने से रोटी मुलायम बनती है
  • सेंकने के बाद रोटियों को कपड़े में लपेटकर रखें

मिस्सी रोटी बनाते समय इन गलतियों से बचें

आटे में एक साथ बहुत ज्यादा पानी न डालें। बेसन पानी सोखता है, इसलिए जरूरत के अनुसार धीरे-धीरे पानी मिलाना बेहतर है। इसी तरह, रोटी को बार-बार पलटने या बहुत तेज आंच पर सेंकने से बचें। अगर आप प्याज डाल रहे हैं, तो उसे बारीक काटें और आटे में पानी डालते समय सावधानी रखें, क्योंकि प्याज भी नमी छोड़ता है। अब बिना तंदूर के भी घर पर तवे पर स्वादिष्ट मिस्सी रोटी बनाना आसान है। बस आटे की सही मात्रा, मध्यम आंच और सेंकने के सही तरीके का ध्यान रखें।