Navratri Vrat Recipes: नवरात्रि व्रत में रोज एक जैसी आलू की सब्जी खाकर हो गए हैं बोर? ट्राई करें आसान फलाहारी रेसिपी, जिनमें शामिल हैं आलू टिक्की, चाट, दही वाले आलू और कुरकुरे कबाब।
नवरात्रि के व्रत में आलू सबसे आसान और पसंदीदा विकल्पों में एक है, लेकिन हर दिन एक तरह की फ्राई आलू खाकर मन बोर सो हो जाता है। ऐसे में आप कुछ आसान तरीकों से आलू को अलग ट्विस्ट दे सकती हैं। खास बात है कि इन्हें बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामाग्री और टाइम की आवश्यकता नहीं होती है। अगर आप भी बेसिक आलू से हटकर कुछ चटपटा, कुरकुरा और स्वादिष्ट स्वाद चाहती हैं तो यह 5 आलू की फलाहारी रेसिपी को विकल्प बना सकती है।
फलाहारी आलू की चटपटी सब्जी
व्रत में कुछ मसालेदार खाने का मन हो, तो जीरा और हरी मिर्च वाली आलू की सब्जी अच्छा विकल्प है। इसे आप फलाहारी रोटी, कुट्टू की पूरी या दही के साथ खा सकती हैं।
सामग्री
- 3 मध्यम आकार के उबले आलू
- 1 छोटा चम्मच घी या मूंगफली का तेल
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- 1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- सेंधा नमक और काली मिर्च स्वादानुसार
- हरा धनिया और नींबू का रस
कैसे बनाएं ?
- उबले आलू को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें।
- कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें जीरा डालें।
- जीरा चटकने पर हरी मिर्च और आलू डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- अब सेंधा नमक और काली मिर्च डालकर 4–5 मिनट तक भूनें।
- आखिर में हरा धनिया और थोड़ा नींबू का रस डालकर गर्मागर्म परोसें।

दही वाले फलाहारी आलू
व्रत में सूखी सब्जी खाने का मन न हो, तो दही वाले आलू बनाएं। इनका स्वाद हल्का खट्टा और मलाईदार होता है। इन्हें कुट्टू या सिंघाड़े के आटे की पूरी के साथ परोसा जा सकता है।
सामग्री
- 3 उबले आलू
- आधा कप ताजा दही
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच घी
- सेंधा नमक और काली मिर्च
- थोड़ा हरा धनिया
- जरूरत के अनुसार पानी
दही आलू बनाने की आसान विधि
- दही को अच्छी तरह फेंट लें और उसमें थोड़ा पानी मिलाकर पतला कर लें।
- कड़ाही में घी गर्म करके जीरा डालें।
- उबले आलू को हल्का तोड़कर कड़ाही में डालें और 2 मिनट भूनें।
- आंच धीमी करें और फेंटा हुआ दही धीरे-धीरे डालते हुए लगातार चलाएं।
- सेंधा नमक डालकर धीमी आंच पर 4–5 मिनट पकाएं, जब तक ग्रेवी आपकी पसंद के अनुसार गाढ़ी न हो जाए।
कुकिंग टिप- दही डालने से पहले आंच कम कर दें और लगातार चलाएं। इससे दही के फटने की आशंका कम होगी। व्रत में दही और मसालों के इस्तेमाल के अपने पारिवारिक नियम भी ध्यान में रखें।
व्रत वाले आलू टिक्की
चाय के साथ कुछ चटपटा खाने का मन है, तो आलू टिक्की एक बढ़िया विकल्प है। इसे बनाने के लिए ब्रेड क्रम्ब्स या सामान्य आटे की जरूरत नहीं होती।
सामग्री
- 3 मध्यम उबले आलू
- 2 बड़े चम्मच भुनी मूंगफली का दरदरा पाउडर
- 1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- सेंधा नमक
- हरा धनिया
- सेंकने के लिए थोड़ा घी
बनाने का तरीका
- उबले आलू को अच्छी तरह मैश कर लें।
- इसमें मूंगफली का पाउडर, हरी मिर्च, सेंधा नमक और हरा धनिया मिलाएं।
- मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें।
- नॉनस्टिक तवा गर्म करके थोड़ा घी लगाएं।
- टिक्कियों को धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें।
- हरी धनिये की फलाहारी चटनी या दही के साथ परोसें।
कुकिंग टिप- अगर आलू का मिश्रण बहुत गीला है, तो थोड़ा और मूंगफली पाउडर मिलाएं। इससे टिक्की को आकार देना आसान हो जाता है।
फलहारी आलू चाट
व्रत में खट्टा-चटपटा खाने की इच्छा हो, तो आलू चाट ट्राई करें। इसे बनाने में कम समय लगता है और इसमें अपनी पसंद के अनुसार नींबू, धनिया और मूंगफली मिला सकती हैं।
सामग्री
- 2–3 उबले आलू
- आधा छोटा चम्मच घी
- सेंधा नमक
- आधा नींबू
- 1 बड़ा चम्मच भुनी मूंगफली
- बारीक कटा हरा धनिया
- हरी मिर्च
बनाने का तरीका
- उबले आलू को छोटे टुकड़ों में काट लें।
- चाहें तो इन्हें थोड़े घी में 3–4 मिनट हल्का कुरकुरा भून लें।
- आलू को एक कटोरे में निकालकर सेंधा नमक और काली मिर्च मिलाएं।
- ऊपर से नींबू का रस, भुनी मूंगफली, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें।
- सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर तुरंत परोसें।

नवरात्रि व्रत में बनाएं कुरकुरे फलाहारी आलू कबाब
नवरात्रि व्रत में कुछ हटकर खाने का मन है तो कुरकुरे फलाहारी आलू कबाब काम आसान कर सकते हैं। यह जल्द बन भी जाते हैं और खाने में भी टेस्टी होते हैं।
सामग्री
- 3 मध्यम आकार के उबले आलू
- 2 बड़े चम्मच कुट्टू का आटा
- 1 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- सेंधा नमक स्वादानुसार
- बारीक कटा हरा धनिया
- कबाब सेंकने के लिए घी
घर पर कबाब बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले उबले आलू को छीलकर अच्छी तरह मैश कर लें। ध्यान रखें कि इसमें बड़े टुकड़े न रहें।
- अब आलू में कुट्टू का आटा या मूंगफली का पाउडर, हरी मिर्च, जीरा, सेंधा नमक, काली मिर्च और हरा धनिया डालकर मिलाएं।
- मिश्रण से छोटे-छोटे गोल या लंबे कबाब बना लें। अगर मिश्रण चिपक रहा है, तो थोड़ा और कुट्टू का आटा मिलाएं।
- नॉनस्टिक तवे पर थोड़ा घी गर्म करें और कबाब को मध्यम आंच पर रखें।
- कबाब को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। इन्हें बार-बार पलटने से बचें, ताकि ये टूटें नहीं।
- तैयार फलाहारी आलू कबाब को हरे धनिये की चटनी या ताजे दही के साथ गर्मागर्म परोसें।
कुकिंग टिप्स
- आलू को जरूरत से ज्यादा न उबालें, वरना मिश्रण गीला हो सकता है।
- कबाब बनाने से पहले आलू को ठंडा होने दें।
- तेज आंच की बजाय मध्यम आंच पर सेंकें, ताकि कबाब अंदर से भी अच्छी तरह गर्म हो जाएं।
नवरात्रि व्रत से जुड़े पूछे जाने वाले सवाल
नवरात्रि व्रत में आलू से क्या-क्या बना सकते हैं?
आप जीरा आलू, आलू फ्राई, दही वाले आलू, आलू टिक्की और आलू चाट जैसी कई फलाहारी रेसिपी बना सकती हैं।
व्रत वाले आलू को कुरकुरा कैसे बनाएं?
उबले आलू को ज्यादा न गलाएं, काटने के बाद आलू का पानी सूखने दें और कम मात्रा में घी या तेल के साथ मध्यम आंच पर भूनें।
क्या व्रत में आलू की चाट खा सकते हैं?
हां, व्रत के अनुकूल सामग्री से बनी आलू चाट खा सकती हैं। इसमें सामान्य नमक, तैयार चाट मसाला या ऐसी सामग्री न डालें जो आपके व्रत में वर्जित हो।


