नेपाल की यात्रा सिर्फ पहाड़ों और खूबसूरत वादियों तक सीमित नहीं है। यहां के पारंपरिक व्यंजनों में संस्कृति और इतिहास की झलक मिलती है। जानिए नेपाल के 10 फेमस फूड, जिनका स्वाद और कहानी दोनों हैं खास।
Nepal Traditional Food: नेपाल सिर्फ ऊंचे पहाड़ों, खूबसूरत घाटियों और मंदिरों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने लजीज और पारंपरिक खाने के लिए भी फेमस है। यहां का खाना भारतीय, तिब्बती और स्थानीय हिमालयी खान-पान की झलक दिखाता है। नेपाल घूमने जाने वाले टूरिस्ट के लिए लोकल फूड ट्राई करना भी यात्रा का एक खास पार्ट होता है। नेपाल के खाने में ज्यादा मसालों की जगह लोकल सामग्री, ताजे सब्जियों, दाल, चावल और आटे का इस्तेमाल ज्यादा देखने को मिलता है। काठमांडू की गलियों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक आपको अलग-अलग तरह के पारंपरिक व्यंजन मिल जाएंगे। आइए जानते हैं नेपाल के कुछ फेमस फूड के बारे में...
मोमो, सबसे फेमस स्ट्रीट फूड
नेपाल का नाम आते ही सबसे पहले जिस खाने का ख्याल आता है, वह है मोमो। यह नेपाल के सबसे लोकप्रिय स्ट्रीट फूड में से एक है। मोमो देखने में डंपलिंग जैसा होता है। इसके अंदर सब्जियां, चिकन, मटन या दूसरी चीजें भरी जाती है। मोमो को भाप में पकाया जाता है और इसके साथ तीखी चटनी परोसी जाती है। आज नेपाल में मोमो की कई वैरायटी मिलती हैं, जैसे- स्टीम मोमो, फ्राइड मोमो और कोठे मोमो।
दाल भात, हर दिन खाया जाने वाला भोजन
दाल भात नेपाल का सबसे पारंपरिक और रोजमर्रा में खाया जाने वाला भोजन है। इसमें चावल के साथ दाल, सब्जी, अचार और कभी-कभी मांस भी परोसा जाता है। नेपाल के पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में दाल भात काफी फेमस है। इसे पेट भरने वाला और पौष्टिक भोजन माना जाता है। स्थानीय निवासी इसे दिन के प्रमुख भोजन के तौर पर इसे खाते हैं।
थकाली थाली
अगर आप नेपाल के पारंपरिक खाने का पूरा स्वाद एक साथ लेना चाहते हैं तो थकाली थाली ट्राई कर सकते हैं। यह थकाली समुदाय की पारंपरिक भोजन शैली से जुड़ी है। इस थाली में चावल, दाल, सब्जी, अचार, साग और अलग-अलग तरह के साइड डिश होते हैं। कई जगह इसमें मांसाहारी व्यंजन भी मिलते हैं। एक ही प्लेट में कई स्वाद मिलने की वजह से यह टूरिस्ट के बीच भी लोकप्रिय है।
सेल रोटी, चाय के साथ कुरकुरी रोटी का मजा
सेल रोटी नेपाल की पारंपरिक रिंग शेप वाली रोटी है। यह चावल के आटे से बनाई जाती है और इसे तेल में तलकर तैयार किया जाता है। बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम सेल रोटी चाय या दूसरे व्यंजनों के साथ खाई जाती है। नेपाल के कई फेस्टिवल्स और खास मौकों पर भी सेल रोटी बनाई जाती है।
थुकपा, बॉडी को रखता है गर्म
ठंडे मौसम में नेपाल का थुकपा काफी पसंद किया जाता है। यह मूल रूप से नूडल सूप जैसा व्यंजन है, जिसमें नूडल्स के साथ सब्जियां और कई जगह चिकन या मांस भी डाला जाता है। पहाड़ी और ठंडे इलाकों में गर्मागर्म थुकपा बॉडी को गर्म रखने के साथ पेट भी भरता है। इसका संबंध हिमालयी और तिब्बती खान-पान से भी देखा जाता है।
चाउमिन
नेपाल में चाउमिन काफी फेमस डिस है। यह नूडल्स से बनने वाला व्यंजन है, जिसे सब्जियों, अंडे, चिकन या मांस के साथ तैयार किया जाता है। काठमांडू और दूसरे शहरों में सड़क किनारे से लेकर रेस्टोरेंट तक चाउमिन मिलता है। स्थानीय स्वाद के कारण नेपाली चाउमिन का स्वाद भारतीय चाइनीज नूडल्स से कुछ अलग महसूस हो सकता है।
गुंद्रुक
अगर आप नेपाल का बिल्कुल पारंपरिक स्वाद चखना चाहते हैं तो गुंद्रुक जरूर ट्राई करें। यह हरी पत्तेदार सब्जियों को फर्मेंट करके तैयार किया जाने वाला पारंपरिक भोजन है। गुंद्रुक का इस्तेमाल अक्सर सूप या सब्जी बनाने में होता है। इसका स्वाद थोड़ा खट्टा होता है और यह नेपाल के पारंपरिक पहाड़ी भोजन का खास हिस्सा है।
योमरी
योमरी नेपाल की एक पारंपरिक मिठाई है, जो खास तौर पर नेवारी संस्कृति से जुड़ी है। इसे चावल के आटे से बनाया जाता है और इसके अंदर मीठी फिलिंग भरी जाती है। गुड़ और तिल जैसी सामग्री से तैयार होने वाली योमरी का साइज काफी खास होता है। इसे खास त्योहारों और खास मौकों पर बनाया जाता है।
समाय बाजी
समाय बाजी नेवारी समुदाय की पारंपरिक फूड प्लेट है। इसमें कई तरह के छोटे-छोटे व्यंजन एक साथ परोसे जाते हैं। इसमें चिवड़ा, आलू, अचार, दाल, अंडा, मांस और दूसरे लोकल व्यंजन होते हैं। अलग-अलग स्वाद को एक साथ चखने की वजह से यह नेपाल की फूड कल्चर को समझने का अच्छा ऑप्शन है।
आलू तामा
नेपाल का आलू तामा भी एक अनोखा व्यंजन है। इसमें आलू और तामा यानी बांस की कोपलों का यूज होता है। इसमें अक्सर बीन्स और दूसरी सामग्री मिलाई जाती है। बांस की कोपलों की वजह से इसमें हल्का खट्टापन आता है। यह नेपाल के स्थानीय खान-पान की अलग पहचान दिखाता है।
नेपाल जाएं तो इन फूड्स को जरूर करें ट्राई
अगर आप नेपाल घूमने जा रहे हैं तो सिर्फ खूबसूरत जगहों की तस्वीरें लेकर वापस न आएं। वहां के स्थानीय बाजार, छोटे रेस्टोरेंट और पारंपरिक भोजन का स्वाद भी जरूर लें। यही एक्सपीरियंस आपकी नेपाल यात्रा को और यादगार बना सकता है।
