Gujiya Making Tips Without Breaking: गुजिया तलते समय फूट जाती है? जानें मोयन की सही मात्रा, आटा गूंथने का सही तरीका, किनारों को सील करने की ट्रिक और तेल का सही तापमान। इन आसान टिप्स से बनाएं परफेक्ट, क्रिस्पी और बिना टूटे गुजिया।
Gujiya Recipe Without Breaking: होली या किसी खास मौके पर घर में गुजिया बनाना परंपरा जैसा है, लेकिन अक्सर मेहनत से बनाई गुजिया तेल में डालते ही फट जाती है। सारा मावा बाहर निकल आता है और तेल भी खराब हो जाता है और गुजिया भी बर्बाद हो जाता है। असल में गुजिया फूटने की वजह भरावन नहीं, बल्कि आटा गूंथने, और मोयन (घी) की गलतियां होती हैं। अगर आप कुछ बेसिक बातों का ध्यान रख लें, तो आपकी गुजिया हमेशा परफेक्ट, क्रिस्पी और सुंदर शेप में बनेगी।
मोयन कम या ज्यादा डालना

गुजिया के आटे में मोयन यानी घी की सही मात्रा बहुत जरूरी है। अगर मोयन कम होगा तो पूड़ी हार्ड बनेगी और तलते समय क्रैक आ सकता है। वहीं, ज्यादा मोयन डालने से आटा गीला हो जाता है और गुजिया सील नहीं होती। सही तरीका यह है कि आटे में इतना घी मिलाएं कि मुट्ठी में दबाने पर आटा बंध जाए। यह साइन है कि मोयन परफेक्ट है।
आटा ज्यादा सख्त या ज्यादा नरम गूंथना
गुजिया का आटा न तो पूरी के आटे जैसा नरम होना चाहिए और न ही बहुत कड़ा। ज्यादा नरम आटा तलते समय फूलता है और किनारों से खुल जाता है। बहुत सख्त आटा बेलते समय फट सकता है। आटा मध्यम सख्त रखें और गूंथने के बाद कम से कम 20 मिनट ढककर जरूर रखें, ताकि ग्लूटेन सेट हो सके।
इसे भी पढ़ें- गुब्बारे जैसे फूले-फूले मालपुआ बनाने की सीक्रेट ट्रिक! होली पर हर कोई पूछेगा रेसिपी
किनारों को ठीक से सील न करना

अक्सर लोग जल्दी में गुजिया बंद कर देते हैं, लेकिन किनारों को अच्छे से दबाना जरूरी है। किनारों पर हल्का पानी या मैदा-पानी का घोल लगाकर सील करें। चाहें तो कांटे से दबाकर डिजाइन बनाएं, इससे गुजिया खुलने की संभावना कम होती है।
इसे भी पढ़ें- 5 Gujiya Fillings: क्रिस्पनेस+सॉफ्टनेस का परफेक्ट कॉम्बिनेशन, होली पर ट्राई करें ये 5 स्टफ गुजिया
तेल का तापमान गलत होना
बहुत गरम तेल में गुजिया डालने से बाहरी परत तुरंत सख्त हो जाती है और अंदर भाप बनने से वह फट सकती है। वहीं ठंडे तेल में डालने से गुजिया ज्यादा तेल सोखती है और टूट सकती है। मध्यम आंच पर हल्का गरम तेल रखें और धीमी आंच पर सुनहरा होने तक तलें।
