एक महिला को Swiggy पर 8 समोसों के लिए ₹180 की जगह सिर्फ ₹104 देने पड़े। उनका यह अनुभव बताने वाला सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो गया, जिस पर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं और डिस्काउंट के पीछे की हकीकत भी बताई।

ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स पर मिलने वाले ऑफर्स और डिस्काउंट्स ग्राहकों को हमेशा लुभाते हैं। लेकिन हाल ही में एक महिला को Swiggy पर ऐसा डिस्काउंट मिला कि मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। महिला ने बिल शेयर करते हुए बताया कि उन्हें आलू वाले 8 बड़े समोसों के लिए सिर्फ 104 रुपये देने पड़े, जबकि उनकी असली कीमत 180 रुपये थी।

कीमत 180, पर दिए सिर्फ 104 रुपये!

नलिनी उनगर नाम की एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि बारिश हो रही थी, इसलिए उन्होंने ऑनलाइन 8 समोसे ऑर्डर किए। ऑर्डर की कुल कीमत 180 रुपये थी, लेकिन अलग-अलग ऑफर्स और डिस्काउंट्स के बाद बिल सिर्फ 104 रुपये का बना। उन्होंने बिल के स्क्रीनशॉट और समोसों की तस्वीर के साथ मजाकिया अंदाज में लिखा, "अगर Swiggy इसी तरह डिस्काउंट देता रहा, तो बहुत जल्द दिवालिया हो जाएगा।" यह पोस्ट देखते ही देखते वायरल हो गया।

Scroll to load tweet…

लोगों ने लिए मजे और दी सलाह भी

इस पोस्ट पर लोगों के मजेदार रिएक्शन आने लगे। एक यूजर ने मजाक में लिखा, "इतना बड़ा डिस्काउंट शायद इसलिए मिला क्योंकि समोसे पांच दिन पुराने होंगे।" वहीं एक और यूजर ने ताना मारते हुए कहा, "अगर आपको Swiggy की आर्थिक स्थिति की इतनी ही चिंता है, तो बाकी के 100 रुपये वापस कर दीजिए।"

हालांकि, कुछ लोगों ने इस ऑफर के पीछे की हकीकत भी समझाई। उन्होंने बताया कि फूड डिलीवरी ऐप्स पर मिलने वाले हर डिस्काउंट का बोझ कंपनी खुद नहीं उठाती। कई बार रेस्टोरेंट प्रमोशन के तौर पर ऐसे ऑफर्स देते हैं। इसके अलावा, ऐप्स पर मेन्यू की कीमतें अक्सर रेस्टोरेंट की असल कीमतों से ज्यादा होती हैं, इसलिए जरूरी नहीं कि कंपनी को हमेशा नुकसान ही हो। कुछ लोगों ने डिलीवरी करने वाले कर्मचारी को टिप देने की अहमियत भी याद दिलाई।