एक महिला ने लिंक्डइन पर पोस्ट कर बताया कि कैसे ज़ोमैटो डिलीवरी राइडर की एक टिप्पणी से वह देर रात असुरक्षित महसूस करने लगीं। आन्या विग ने देर रात कौन-सी चीज ऑर्डर की थी, जिसके बाद उन्हें असहज अनुभव हुआ? डिलीवरी पार्टनर की किस टिप्पणी ने आन्या को असुरक्षित महसूस कराया?
Zomato Controversy: देर रात फूड डिलीवरी के दौरान हुए एक अजीब अनुभव पर एक महिला की पोस्ट ने पर्सनल बाउंड्री और सेफ्टी को लेकर एक बड़ी ऑनलाइन बहस छेड़ दी है। लिंक्डइन यूजर आन्या विग ने ज़ोमैटो के एक डिलीवरी राइडर से जुड़ा अपना किस्सा शेयर किया, जिस पर कई लोगों, खासकर महिलाओं ने ध्यान दिया और कहा कि वे भी ऐसे हालातों का सामना कर चुकी हैं।

अपनी पोस्ट में आन्या ने बताया कि कैसे डिलीवरी पार्टनर की एक टिप्पणी के चलते एक सीधा-साधा ऑर्डर उनके लिए असहज अनुभव बन गया। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि डिलीवरी करने वालों को कितनी पर्सनल जानकारी दिखती है और इस वाकये ने उन्हें काफी असहज महसूस कराया।
आन्या ने बताया कि रात करीब 11 बजे उन्होंने डिनर के बाद पान ऑर्डर किया था। जब डिलीवरी पार्टनर आया, तो वह उसे लेने के लिए घर से बाहर अकेली ही निकलीं। उन्होंने बताया कि राइडर ने पहले पूछा कि क्या ऑर्डर उन्होंने ही किया है। इस दौरान वह चुप रहीं और कोई जवाब नहीं दिया।
उनके मुताबिक, राइडर ने यह कहकर मामले को और अजीब बना दिया कि वह एक महिला हैं और इस उम्र में पान मंगवा रही हैं। यह टिप्पणी उन्हें बिल्कुल भी ठीक नहीं लगी। उन्होंने लिखा, "पिछली रात एक ज़ोमैटो राइडर के साथ मेरा अनुभव बहुत ही अजीब था और मुझे बहुत असुरक्षित महसूस हुआ।"
इस घटना के बाद, आन्या ने सवाल उठाया कि डिलीवरी पार्टनर्स को यह देखने और उस पर टिप्पणी करने का अधिकार क्यों है कि किसी ने क्या ऑर्डर किया है। उनकी राय में, इस तरह की टिप्पणियां गलत हैं और अपनी हदें पार करने जैसी हैं। उन्होंने लिखा, "आपके डिलीवरी पार्टनर को यह देखने, उस पर कमेंट करने का क्या अधिकार है कि मैंने क्या ऑर्डर किया है? वह ऐसे बर्ताव कर रहा था जैसे उसे यह कहने का हक है कि मैं क्या ऑर्डर करूं और क्या नहीं।"
उन्होंने यह भी कहा कि वह इस घटना की शिकायत करने में झिझक रही थीं, क्योंकि राइडर को उनका पता मालूम था। उन्हें डर था कि शिकायत करने से उनकी पर्सनल सेफ्टी पर कोई असर पड़ सकता है।
देखिए ये वायरल पोस्ट
आन्या ने अपनी पोस्ट में ज़ोमैटो को टैग करते हुए कंपनी से डिलीवरी पार्टनर्स के लिए बेहतर ट्रेनिंग और जागरूकता कार्यक्रम चलाने की अपील की। इसके जवाब में, ज़ोमैटो ने कमेंट किया, "हाय आन्या, कृपया हमें अपनी ऑर्डर आईडी डीएम करें और हम प्राथमिकता के आधार पर इस मामले को देखेंगे।"
लोगों ने क्या कहा?
इस पोस्ट पर कई यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं और कहा कि वे उनके अनुभव से खुद को जोड़कर देख सकते हैं। एक यूजर ने लिखा, “यह सच में डरावना है। जब भी मैं इन ऐप्स से कुछ ऑर्डर करती हूं तो मुझे लगभग हर बार यह डर लगता है। ग्राहकों की बेसिक चीजों की सुरक्षा के लिए कुछ तरीके होने चाहिए।”bएक अन्य ने कहा, “दिल्ली/एनसीआर में तो हालात दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं। यह बहुत डरावना है क्योंकि वह जानता है कि आप कहां रहते हैं।” एक कमेंट में लिखा था, “मैं गिनती भूल गई हूं कि कितनी बार मैंने ऑर्डर लेते समय ऐसा दिखावा किया है कि जैसे मैं पीछे किसी से बात कर रही हूं।” उन्होंने आगे कहा, “यह थका देने वाला है कि हममें से बहुतों को लगातार अपनी सुरक्षा के बारे में सोचना पड़ता है।”
