Rishikesh Bungee Jump: 83 साल की ब्रिटिश महिला ओलेना बायको ने साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक संख्या है। उन्होंने ऋषिकेश में 117 मीटर ऊंचाई से बंजी जंप कर रिकॉर्ड बनाया। बिना डर के किए इस साहसिक कारनामे ने दुनियाभर को प्रेरित किया।
साहस की कोई उम्र नहीं होती है, इस बात को सच कर दिखाया है, ब्रिटेन की 83 वर्षीय महिला ओलेना बाइको (Olena Byko) ने। उम्र के इस पड़ाव पर जहां ज्यादातर लोग आराम और सुकून चाहते हैं, वहीं ओलेना ने साहसिकता की नई परिभाषा लिख दी। उन्होंने उत्तराखंड के ऋषिकेश में 117 मीटर ऊंचाई से छलांग लगाकर भारत की सबसे ऊंची बंजी जंप को सफलतापूर्वक पूरा किया और एक नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
शिवपुरी बंजी जंपिंग सेंटर में बुजुर्ग महिला ने दिखाई बहादुरी
यह ऐतिहासिक छलांग उन्होंने 13 अक्टूबर को शिवपुरी बंजी जंपिंग सेंटर में लगाई। खास बात यह रही कि जंप से ठीक पहले ओलेना बिल्कुल निडर दिखीं। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। छलांग लगाने से पहले वो मुस्कुराते हुए डांस कर रही थीं। वीडियो देखकर लोग उनके साहस की जमकर सराहना कर रहे हैं।
बंजी जंपिंग का अनुभव सबसे खास था
मीडिया से बातचीत में ओलेना ने बताया कि यह जंप उनके जीवन का सबसे बेहतरीन फैसला था। वे खासतौर पर यूके से भारत आईं थीं, ताकि बंजी जंपिंग का रोमांच खुद महसूस कर सकें। ऋषिकेश का शिवपुरी सेंटर भारत में सबसे ऊंचा बंजी जंपिंग प्लेटफॉर्म माना जाता है, जहां दुनियाभर से एडवेंचर प्रेमी आते हैं। लेकिन 83 साल की उम्र में इसे करने की हिम्मत बहुत कम लोग दिखा पाते हैं।
इसे भी पढ़ें: Kashmir Snowfall: शुरू हुई कश्मीर में बर्फबारी, स्नोफॉल के लिए ये हैं 5 एस्थेटिक लोकेशन
एडवेंचर करने की कोई उम्र नहीं होती है
ओलेना बाइको ने दुनिया को यह मैसेज दिया कि उम्र केवल एक संख्या है। उन्होंने साबित किया कि अगर दिल जवान हो, तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। उनका यह कदम न केवल साहसिकता का उदाहरण है, बल्कि उम्रदराज लोगों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है कि जीवन को जीने का उत्साह कभी नहीं खोना चाहिए।
सोशल मीडिया पर लोग उन्हें “ग्रैनी ऑफ द स्काई” कहकर सलाम कर रहे हैं। उनका वीडियो लाखों बार देखा जा चुका है। ओलेना की इस छलांग ने यह दिखा दिया कि अगर जुनून और हिम्मत हो, तो आसमान भी दूर नहीं। अगर आप भी एडवेंचर लवर हैं, तो क्यों ना निकल जाएं इस अनुभव को लेने के लिए।
और पढ़ें: Kerala Itinerary: केरल का सीक्रेट इटिनेररी, 5 दिन में घूम लें बैकवॉटर, टी गार्डन और बहुत कुछ!
