हरियाणा का खूबसूरत हिल स्टेशन, मोरनी हिल्स की सैर
भीड़भाड़ से दूर शिमला-मनाली जैसा हिल स्टेशन ढूंढ रहे हैं? हरियाणा के मोरनी हिल्स की सैर करें! दिल्ली-एनसीआर से नज़दीक, बजट-फ्रेंडली और खूबसूरती से भरपूर।

गर्मी आते ही लोग ठंडी जगहों की ओर रुख करने लगते हैं। चिलचिलाती गर्मी से बचने के लिए लोग पहाड़ों और प्रकृति के बीच कुछ दिन बिताना चाहते हैं। जब भी हिल स्टेशन का नाम लिया जाता है तो शिमला, मनाली और नैनीताल कुछ कॉमन नाम होते हैं। लेकिन ये जगहें अब इतनी वायरल हो गई हैं कि यहां साल भर काफी भीड़ देखने को मिलती है। साथ ही कुछ मौसम में यहां का बजट भी बढ़ जाता है।
अगर आप भी भीड़भाड़ से दूर कहीं घूमने जाना चाहते हैं तो शिमला और मनाली को भूल जाइए। आज हम आपको हरियाणा के ऐसे हिल स्टेशन के बारे में बताएंगे, जो दिखने में शिमला-मनाली से कम नहीं है। साथ ही यहां का बजट भी आपकी जेब पर भारी नहीं पड़ेगा। यहां की खूबसूरती देखकर आपका यहां से जाने का मन नहीं करेगा। आइए जानते हैं वो कौन सी जगह है? वहां कैसे पहुंचा जाए और वहां जाकर क्या-क्या एक्सप्लोर किया जा सकता है।
हम बात कर रहे हैं हरियाणा के मोरनी हिल्स की, जो पंचकूला जिले में स्थित है। यह हरियाणा का एकमात्र हिल स्टेशन है। इस जगह की खूबसूरती आपका मन मोह लेगी। इसकी खूबसूरती मनाली-शिमला जैसे हिल स्टेशनों को टक्कर देती है। 1 दिन की ट्रिप के लिए यह जगह एकदम सही है। अगर आप दिल्ली-एनसीआर, चंडीगढ़ या हरियाणा के आसपास रहते हैं, तो आप यहां घूमकर 1 दिन में घर वापस जा सकते हैं।
आपको बता दें कि मोरनी हिल्स 1220 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यह अरावली पहाड़ियों के बीच स्थित है। यहां आकर आप सुकून भरे पल बिता सकते हैं। इस जगह के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। इसलिए आप यहां भीड़भाड़ से भी बच सकते हैं। यहां आपको चारों तरफ हरियाली देखने को मिलेगी। मोरनी हिल्स में आपको हिमालयन बुलबुल, ओरिएंटल टर्टल जैसे कई दुर्लभ जानवर और पक्षी देखने को मिलेंगे। इसके अलावा आप यहां बोटिंग, ट्रैकिंग और रोप क्लाइंबिंग, कमांडो नेट जैसी एक्टिविटी भी कर सकते हैं।
मोरनी हिल्स में घूमने के लिए कई जगहें हैं। यहां से कुछ दूरी पर टिक्कर ताल में दो झीलें हैं, आप उन्हें एक्सप्लोर कर सकते हैं। इसके अलावा आप यहां ऐतिहासिक ठाकुर द्वार मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। आप नाडा साहिब गुरुद्वारा भी जा सकते हैं। अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो यहां पहुंचने के लिए सड़क मार्ग से 5-6 घंटे लगेंगे। यह जगह दिल्ली से 252 किलोमीटर दूर है। वहीं, चंडीगढ़ से मोरनी हिल्स की सड़क मार्ग से केवल 1 घंटे की दूरी पर है।