यह घटना मध्य प्रदेश के भिंड जिले से सामने आई है। जहां कुछ दिन पहले नाहर सिंह नाम के युवक के घर एक बेटी पैदा हुई थी। जबकि वह और उसका पूरा परिवार बेटे की चाहत लगाए इंतजार कर रहा था। लेकिन जब बेटी हुई तो हैवान पिता ने बनियान से गला घोंट दिया।

भिंड (मध्य प्रदेश). हर माता-पिता के लिए उनके सारे बच्चे एक समान होते हैं, चाहे बेटा हो या बेटी। लेकिन आज भी कुछ ऐसे लोग हैं जो बेटा और बेटी में भेदभाव करते हैं। ऐसा ही एक मामला मध्य प्रदेश भिंड जिले से सामने आया है, जहां एक बाप ने बेटे की चाहत अपनी तीन महीने की मासूम बेटी का अपनी बनियान से गला घोंट दिया। हालांकि, किसी तरह बच्ची की जान बच गई, लेकिन उसके गले पर जख्म के गहरे निशान आ गए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पूरा परिवार बेटे की चाहत रखे हुए था..लेकिन हो गई बेटी
दरअसल, यह घटना भिंड जिले के भारौली गांव से सामने आई है। जहां कुछ दिन पहले नाहर सिंह के घर बेटी पैदा हुई थी। जबकि वह और उसका पूरा परिवार बेटे की चाहत लगाए इंतजार कर रहा था। लेकिन जब बेटी हुई तो मायूसी छा गई और आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करने लगा। बताया जाता है कि पहले भी कई बार वह बच्ची को मारने की कोशिश कर चुका है।

मां ने बचाई बच्ची की जान, पहुंची एसपी ऑफिस
किसी तरह बच्ची की मां ने मासूम को बचाया और वह पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचीं और अपने पति की करतूत बताते हुए शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने सबसे पहले बच्ची का इलाज करवाया। इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई। फिलहाल वह फरार चल रहा है। एसपी मनोज कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

गला घोंटकर बोला-मर जाने दो उसे
महिला ने शिकायत में बताया कि वह घर के कामों में बिजी थी, इसी दौरान बच्ची की रोने की आवाज आई तो वह दौड़कर उसके पास पहुंची। देखा तो उसके मुंह से झाग निकल रहा था। साथ ही उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, गले में गहरे निशान बने हुए थे। वहीं पास में एक बनियान पड़ी हुई थी। पास में परिवार के सभी लोग बैठे हुए थे, लेकिन कोई बच्ची को उठाने को तैयार नहीं था। जब मैंने अस्पताल ले जाने का कहा तो वह कहने लगा कि मर जाने दो उसे पड़ी रहने दो।