कोरोना की दहशत के बीच मध्य प्रदेश में एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जहां सिंगरौली का ऐश डैम अचानक से फूट गया। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार लापता हैं। 

सिगरौली (मध्य प्रदेश). प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक ऐश डैम अचानक से फूट गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार लापता हैं। वहीं कई घरों में पानी भर गया। दरअसल, यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 5 बजे हुआ। सिंगरौली से 20 किलोमीटर दूरी झांझी, हरहवा गांव में रिलायंस पावर प्लांट का फ्लाई एश डैम फूट गया। जानकारी के मुताबिक, इससे 25 एकड़ के क्षेत्र में लगी फसल तबाह हो गई है। वहीं दूर-दूर तक मलबा फैल गया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जान बचाने लोग छतों और पेड़ों पर चढ़े
डैम फूटने के बाद आसपास के क्षेत्र में हडकंप मच गया। गांव में पानी भर जाने से लोगों के साथ-साथ कई मवेशी देर रात तक फंसे रहे। आलम यह था कि लोगों को जान बचाने के लिए घरों की छतों और पेड़ों पर चढ़ना पड़ा।

खबर मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचे कलेक्टर
डैम फूटने की जानकारी मिलते ही कलेक्टर केवीएस चौधरी और एसपी व एसडीएम मौके पर पहुचं गए। कलेक्टर ने बताया कि एक परिवार के 5 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आ रही है। यह डैम सिद्धीकला ग्राम पंचायत में आता है और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगा हुआ है।