मध्यप्रदेश के ग्वालियर में वृद्ध महिला को गोली मारने के मामले का पुलिस की पड़ताल में ऐसा खुलासा हुआ है जिसे सुनकर सभी हैरान हैं। वृद्ध को गोली मारने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका खुद का बेटा ही था।

ग्वालियर(Madhya Pradesh). मध्यप्रदेश के ग्वालियर में वृद्ध महिला को गोली मारने के मामले का पुलिस की पड़ताल में ऐसा खुलासा हुआ है जिसे सुनकर सभी हैरान हैं। वृद्ध को गोली मारने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका खुद का बेटा ही था। पुलिस ने जब उसे हिरासत में लिया तो उसने ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। दरअसल युवक ने अपने दुश्मनों को फंसाने के लिए मां के पैर में गोली मार दी और उसका इल्जाम अपने दुश्मनों पर लगा दिया। हांलाकि पूरे मामले का खुलासा हो गया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जानकारी के मुताबिक आंतरी थाना के पूरासानी गांव में सोमवार की रात 50 साल की शारदा बाई को किसी ने गोली मार दी थी। दरअसल खेत पर काम कर रही शारदा बाई को हमलावर ने कट्टे से गोली मारी और उसके बाद वह भाग निकला। गोली महिला के पैर में लगी। उसकी चीख-पुकार सुनते ही उनका बेटा और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। महिला को घायल हालत में डबरा अस्पताल ले जाया गया, साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। डबरा से महिला को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उनका इलाज किया जा रहा है।

रंजिश के चलते दुश्मनों पर हमले का लगाया आरोप 
पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की तो महिला के बेटे ने बताया कि पुराणी रंजिश के चलते उसके दुश्मनों ने मां पर हमला किया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास के लिए आईपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया। इसी बीच पुलिस ने घायल महिला के बेटे अजय को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। डबरा एसडीओपी विवेक शर्मा ने बताया कि बेटे ने पुलिस को गुमराह करने के लिए तरह-तरह की कहानियां सुनाना शुरू किया। उसने अपने दुश्मनों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने उसकी मां को गोली मारकर घायल किया है।

खुलासा हुआ तो सुनकर हर कोई हैरान 
घायल महिला के बेटे अजय ने पुलिस को गुमराह करना शुरू किया तो पुलिस को शक हुआ, पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो अजय ने सच्चाई बयान कर दिया। उसने अपनी मां पर खुद ही हमला किया था ताकि उसका इल्जाम अपने दुश्मनों पर लगा कर वह उन्हें फंसा सके। अजय ने ही अवैध कट्टे से अपनी मां के पैर में गोली मारी थी। पुलिस ने उसकी कहानी का खुलासा कर दिया। थाने में बयान देने आए अजय को आरोपी बना कर डबरा कोर्ट में पेश किया जहां मजिस्ट्रेट ने इस मामले को गंभीर मानते हुए उसे जेल भेज दिया।