दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में मच्छर भगाने वाली कॉइल से लगी आग के चलते एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। सभी की मौत दम घुटने के चलते हुई। दो लोग जलने के चलते घायल हुए हैं। परिवार के एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी मिली है।

नई दिल्ली। मच्छर भगाकर चैन की नींद सोने की कोशिश में दिल्ली के शास्त्री पार्क में रहने वाले एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। यह घटना बड़े हादसे के प्रति सचेत करती है। इस परिवार के लोगों ने मच्छर भगाने वाली कॉइल को रातभर जलाकर छोड़ दिया। कमरे में वेंटिलेशन की अच्छी सुविधा नहीं थी, जिसके चलते जहरीली गैस भर गई। इसके चलते दम घुटने से सभी की मौत हो गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रात के समय परिवार के लोगों ने मच्छर भगाने वाली कॉइल जलाई थी। यह कॉइल गद्दे पर गिर गई थी, जिससे गद्दे में आग लग गई। गद्दे में लगी आग धधकने की जगह सुलगती रही, जिससे जहरीला धुआं निकला और कमरे में भर गया। इससे सभी लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। जहरीले धुएं के चलते मारे गए लोग पहले बेसुध हो गए थे, जिसके चलते वे नींद से उठ नहीं सके और उनकी जान चली गई।

पुलिस ने 9 लोगों को पहुंचाया अस्पताल

पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे घटना की जानकारी मिली। पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय तिर्की ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि शास्त्री पार्क के माछी बाजार के मजार वाला रोड स्थित एक घर में आग लग गई है। इसके बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर में मौजद 9 लोगों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में एक महिला और एक डेढ़ साल का बच्चा शामिल है। 15 साल की लड़की समेत दो अन्य का इलाज चल रहा है। जलने के चलते ये घायल हो गए हैं। 22 साल के एक युवक को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।