DGCA action against RK Singh: एक महीने पहले एयरलाइन स्टाफ पर हमला करने वाले वरिष्ठ सेना अधिकारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अधिकारी को अब 5 साल तक किसी भी विमान में उड़ान भरने की अनुमति नहीं होगी।

नई दिल्ली (27 अगस्त) स्पाइसजेट के कर्मचारियों पर हमला करने और हंगामा खड़ा करने वाले भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल आरके सिंह को एक और झटका लगा है। कड़ी आलोचना का शिकार हुए आरके सिंह पर अब भारतीय नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 5 साल का हवाई यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है। आरके सिंह अब 5 साल तक किसी भी नागरिक विमान में सफर नहीं कर पाएंगे। 26 जुलाई 2025 को श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई इस घटना के बाद यह कार्रवाई की गई है। नागरिक उड्डयन नियमों के तहत गठित तीन सदस्यीय आंतरिक समिति की जांच के आधार पर यह फैसला लिया गया है।

कैबिन बैग को लेकर हुआ था विवाद

लेफ्टिनेंट कर्नल आरके सिंह जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग स्थित हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल में तैनात हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल आरके सिंह को श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 8963 में सफर करना था। उनके पास 16 किलो वजन का कैबिन बैग था, जबकि नियमों के अनुसार कैबिन बैग का वजन सिर्फ 7 किलो होना चाहिए। इसके लिए उनसे 6,000 रुपये का भुगतान करने को कहा गया, जिसे उन्होंने मना कर दिया। इसी बात पर बहस शुरू हुई जो बाद में हाथापाई में बदल गई। यह पूरा विवाद बोर्डिंग गेट पर ही हुआ था।

क्या है पूरा मामला?

नियमों का उल्लंघन करने पर लेफ्टिनेंट कर्नल आरके सिंह को विमान में चढ़ने से रोक दिया गया था। इससे नाराज आरके सिंह ने बोर्डिंग गेट के प्रोटोकॉल को तोड़ दिया। हवाई अड्डे की सुरक्षा में तैनात CISF के जवान आरके सिंह को काउंटर पर ले गए। इस दौरान सिंह ने स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस घटना में कर्मचारियों को गंभीर चोटें आईं। एक कर्मचारी की रीढ़ की हड्डी में चोट आई, दूसरे के जबड़े में चोट आई और तीसरा कर्मचारी बेहोश हो गया। यह पूरी घटना CCTV में कैद हो गई और सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई। सिंह ने भी एयरलाइन कर्मचारियों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए एक अलग FIR दर्ज कराई थी।

5 साल तक हवाई यात्रा पर प्रतिबंध

इस घटना के बाद DGCA ने लेफ्टिनेंट कर्नल आरके सिंह पर सभी भारतीय एयरलाइंस की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 5 साल का प्रतिबंध लगा दिया है, यानी वह जुलाई 2030 तक किसी भी विमान में सफर नहीं कर पाएंगे।