राजस्थान, पश्चिम बंगाल और उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने लगी है, तो वहीं दूसरी ओर भारत ने रूस से कच्चे तेल की खरीद में कटौती करने का फैसला लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होगी।

मौसम का बदला मिजाज, राजस्थान में हल्की बारिश, बंगाल में चली तेज हवाएं

राजस्थान और पश्चिम बंगाल में मौसम बदल गया है। राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश और ओले गिरने से ठंड बढ़ गई है। वहीं, पश्चिम बंगाल में सूखी और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आई है। उधर, श्रीनगर में हुई ताजा बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह हाईवे बंद कर दिया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ननकाना साहिब जा रहे 12 भारतीय श्रद्धालुओं को वाघा बॉर्डर से लौटाया

श्री गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व पर पाकिस्तान जा रहे जत्थे में शामिल 12 हिंदू श्रद्धालुओं को वाघा बॉर्डर से वापस लौटा दिया गया। पाकिस्तान के कस्टम और इमिग्रेशन अधिकारियों ने कहा कि इस मौके पर सिर्फ सिख श्रद्धालुओं को ही ननकाना साहिब जाने की अनुमति है। हिंदू तीर्थयात्रियों को सिख जत्थे के साथ जाने की इजाजत नहीं दी गई। इन श्रद्धालुओं को कई घंटों तक वाघा बॉर्डर पर रोककर रखा गया, उसके बाद उन्हें भारत वापस भेज दिया गया।

पहली बार एक साथ नजर आएंगे रजनीकांत और कमल हासन

सुपरस्टार रजनीकांत और कमल हासन पहली बार एक साथ फिल्म में नजर आने वाले हैं। बुधवार को रजनीकांत की नई फिल्म ‘थलाइवर 173’ का ऐलान किया गया। इस फिल्म में कमल हासन भी अहम भूमिका में दिखेंगे। इसे कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी, राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल के बैनर तले बनाया जाएगा। फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी जानकारी साझा की गई है।

पति की हत्या कर प्रेमी संग घर में ही दफनाया शव, एक साल बाद खुला राज

अहमदाबाद के सरखेज फतेहवाड़ी इलाके में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को घर की रसोई में ही दफन कर दिया। मृतक समीर बिहारी पिछले एक साल से लापता था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार जब पुलिस ने महिला के पड़ोसी और उसके प्रेमी इमरान से सख्ती से पूछताछ की, तो सच सामने आ गया। पता चला कि समीर की पत्नी रूबी ने अपने प्रेमी इमरान के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। दोनों ने शव को रसोई में गाड़कर ऊपर से सीमेंट का प्लास्टर कर दिया था, ताकि किसी को शक न हो।

भारत घटाएगा रूसी कच्चे तेल का आयात, जल्द ले सकता है बड़ा फैसला

भारत नवंबर के अंत से रूस से कच्चे तेल की सीधी खरीद कम करेगा। यह फैसला रूस की दो बड़ी तेल कंपनियों पर 21 नवंबर से लगने वाले नए अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण लिया गया है। इसके चलते देश में रूसी तेल का आयात घटने की संभावना है।