Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के नगला श्री पदम गांव में शुक्रवार रात नूडल्स खाने के बाद एक ही परिवार के 5 सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। पुलिस, फॉरेसिंक और खाद्य विभाग मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं।

नोयडा: ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां शनिवार को एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है, क्योंकि परिवार ने शुक्रवार रात को नूडल्स खाए थे। हालांकि, पुलिस और प्रशासन अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं और मौत की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। आइए जानते हैं इस दुखद घटना से जुड़ी हर एक जरूरी और बड़ी बात।

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा: एक ही परिवार के 5 लोगों की संदिग्ध मौत

शनिवार सुबह जब इस परिवार के बारे में आसपास के लोगों को पता चला, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को तुरंत घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 37 वर्षीय महेश, उनकी 35 साल की पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों-11 साल के लड्डू, 7 साल की मिष्टी और 3 साल के साक्षात के रूप में हुई है। एक ही परिवार के सभी सदस्यों की इस तरह अचानक मौत से हर कोई हैरान और दुखी है।

Scroll to load tweet…

रबूपुरा थाना क्षेत्र में रात के नूडल्स खाने से फूड पॉइजनिंग का शक

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, महेश के पड़ोसियों और उनकी मां ने बताया कि परिवार ने शुक्रवार की रात में नूडल्स खाए थे। इसके बाद से ही तबीयत बिगड़ने या अन्य कारणों से यह भयानक हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह मामला फूड पॉइजनिंग या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन का लग रहा है, लेकिन जब तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक कुछ भी पुख्ता तौर पर कहना मुश्किल है।

पुलिस, फोरेंसिक और खाद्य विभाग की टीम कर रही है मामले की जांच

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। सूचना मिलते ही रबूपुरा पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एम्बुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) की टीम फौरन मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा, एक विशेष फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।