सार
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को केरल के वायनाड लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे कमरे के अंदर नहीं थे। वे दरवाजे पर खड़े होकर झांक रहे थे। इस घटना को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है। मल्लिकार्जुन के बेटे प्रियांक ने आपत्तिजनक भाषा में राजीव चंद्रशेखर को उत्तर दिया। इसके बाद राजीव चंद्रशेखर ने भी उन्हें करारा जवाब दिया है।
23 अक्टूबर को राजीव चंद्रशेखर ने मल्लिकार्जुन खड़गे का 48 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया। इसमें खड़गे को रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में झांकते देखा जा सकता है। एक आदमी दरवाजा बंद करने आया हुआ था।
राजीव चंद्रशेखर बोले- कांग्रेस के प्रथम परिवार ने मल्लिकार्जुन खड़गे को बाहर रखा
राजीव चंद्रशेखर ने लिखा, "आप कहां थे मल्लिकार्जुन खड़गे साहब? जब प्रथम परिवार की प्रियंका वाड्रा वायनाड के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर रही थीं। बाहर रखा गया। क्योंकि आप परिवार के नहीं थे। सोनिया परिवार के अहंकार और अधिकार की वेदी पर आत्म-सम्मान और गरिमा की बलि दी गई। जरा सोचिए कि अगर वे वरिष्ठ दलित नेता और पार्टी अध्यक्ष के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं तो वे वायनाड के लोगों के साथ कैसा व्यवहार करेंगे।"
राजीव चंद्रशेखर के पोस्ट पर जवाब देते हुए प्रियांक ने लिखा कि आपको नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया के बारे में भी पता नहीं है। आपको कानून और संविधान को समझने के लिए क्रैश कोर्स की जरूरत है।
इसपर राजीव चंद्रशेखर ने जवाब दिया, "कोई भी अच्छा बेटा अपने पिता के स्वाभिमान की रक्षा के लिए लड़ेगा। तय करेगा कि उन्हें बाहर इंतजार करवाकर अपमानित नहीं किया जाए। 12वीं फेल प्रियांक खड़गे जैसे कांग्रेसी इतने चापलूस हैं कि अपने पिता की स्थिति का फायदा उठाकर जमीन और पैसा लूटने में ही रुचि रखते हैं। चाहे इससे उनके पिता का अपमान ही क्यों न हो।"
क्या है मामला?
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को केरल के वायनाड लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। जिस समय प्रियंका नामांकन भर रहीं थीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे दरवाजे पर खड़े होकर रिटर्निंग ऑफिसर के कमरे में झांक रहे थे। वह कमरे के अंदर नहीं आए थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। भाजपा नेताओं ने इसे खड़गे का अपमान बताया है।
यह भी पढ़ें- भारत-चीन समझौता: क्या है LAC पर पेट्रोलिंग Pact की असली वजह?