दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला PG बिल्डिंग गिरने से एक स्टूडेंट की मौत हो गई और 3 गंभीर घायल हैं। NDRF और फायर टीम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
Satya Niketan Building Collapse Reason: रविवार को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक 5 मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। इस इमारत में PG चलता था और हादसे के समय कई छात्र अपने कमरों में मौजूद थे। हादसे में एक स्टूडेंट की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। अब तक 5 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि मलबे के नीचे और कितने लोग फंसे हुए हैं। आखिर क्यों और कैसे हुआ हादसा, जानते हैं बिल्डिंग गिरने की 5 सबसे बड़ी वजह।
1- बेसमेंट का निर्माण
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में हादसा हुआ, उसके नीचे बेसमेंट बनाने का काम चल रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य के कारण बिल्डिंग की नींव पर अतिरिक्त दबाव पड़ा हो। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
2- कमजोर पिलर भी हो सकते हैं वजह
एक चश्मदीद के मुताबिक, बिल्डिंग के नीचे के पिलर कमजोर थे। अगर पिलर इमारत का भार ठीक से संभाल नहीं पाए हों, तो इससे पूरा ढांचा कमजोर होकर गिर सकता है।
3- निर्माण के दौरान ढांचे में बदलाव
बेसमेंट या किसी अन्य निर्माण कार्य के दौरान अगर बिल्डिंग की नींव, पिलर या दूसरे हिस्सों में बदलाव किया गया हो, तो इससे इमारत की मजबूती प्रभावित हो सकती है। ऐसे बदलाव भी हादसे की संभावित वजह हो सकते हैं।
4- पहले से कमजोर हो सकता था ढांचा
एक संभावना यह भी है जताई जा रही कि बिल्डिंग की नींव या ढांचा पहले से ही कमजोर रहा हो। ऐसी स्थिति में निर्माण कार्य के दौरान उस पर पड़ा अतिरिक्त दबाव इमारत के गिरने की वजह बन सकता है। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है और हादसे की सही वजह का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
कितने बजे हुआ हादसा?
हादसा रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। बिल्डिंग गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग भी तुरंत राहत और बचाव के काम में जुट गए। लोग हथौड़े की मदद से मलबा हटाने की कोशिश करते नजर आए। हादसे में कुछ गाड़ियां भी मलबे के नीचे दब गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे वाली बिल्डिंग के ठीक बगल में मौजूद एक दूसरी इमारत भी गिरने की हालत में है। हालांकि, एहतियात के तौर पर वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।
सत्य निकेतन में बड़ी संख्या में रहते हैं छात्र
सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास स्थित एक प्रमुख छात्र इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं। इलाके में कई छात्र आवास हैं और आसपास वेंकटेश्वर कॉलेज, आर्यभट्ट कॉलेज, मोतीलाल नेहरू कॉलेज और मैत्रेयी कॉलेज जैसे शिक्षण संस्थान भी मौजूद हैं। इसी वजह से सत्य निकेतन में पूरे दिन छात्रों की आवाजाही बनी रहती है। हालांकि, इस इलाके में कुल कितने छात्र रहते हैं, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।


